अंबिकापुर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में शामिल हुए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू
सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम के 25 वर्षों की यात्रा विकसित भारत के संकल्प को दे रही नई ऊर्जा : तोखन साहू
अंबिकापुर । आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू बुधवार को अंबिकापुर के कला केंद्र मैदान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुना। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र में आयोजित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के मशाल जुलूस में भी सहभागिता की।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम की यात्रा देश के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।

सेवा, त्याग और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक है मशाल यात्रा
तोखन साहू ने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सेवा, त्याग, निष्ठा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। विभिन्न क्षेत्रों से निकलकर अंबिकापुर पहुंची यात्राओं में ग्रामीणों, युवाओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी जनभागीदारी की भावना को प्रदर्शित करती है।

उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सेवा और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
विभिन्न गतिविधियों के जरिए जनभागीदारी पर जोर
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों के माध्यम से सेवा तथा जनकल्याण को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु’ जैसी गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान के तहत स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों की सेवा तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं।
2047 तक विकसित भारत का संकल्प
तोखन साहू ने कहा कि वर्ष 2047 में भारत अपनी स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा। इस अवसर तक भारत को समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका निभाते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना होगा।
उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना को आधार बनाकर जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ना ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मशाल यात्रा में उत्साह के साथ शामिल हुए कार्यकर्ता
अंबिकापुर में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। मशाल यात्रा के माध्यम से सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को लेकर उपस्थित लोगों में उत्साह का माहौल रहा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
