रायपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 1.27 क्विंटल गांजा जब्त

0
IMG-20261008-WA0882

64 लाख रुपए के गांजे के साथ 6 तस्कर पकड़े गए, विधि के साथ संघर्षरत एक बालक भी शामिल; गंज और आमानाका पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में कुल 1 क्विंटल 27 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल छह लोगों को पकड़ा है, जिनमें पांच वयस्क आरोपी तथा विधि के साथ संघर्षरत एक बालक शामिल है। जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 64 लाख रुपए बताई गई है।

यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना गंज और थाना आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

फाफाडीह चौक में ऑटो से 82.51 किलो गांजा बरामद

पहली कार्रवाई थाना गंज क्षेत्र में की गई। पुलिस के मुताबिक 7 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि पचपेड़ी नाका की ओर से एक ऑटो में तीन व्यक्ति गांजा लेकर रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे हैं।

NTPC World Environment Day

सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्ध ऑटो की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने ऑटो का पीछा करते हुए उसे फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास रुकवाया। ऑटो में तीन व्यक्ति सवार थे।

पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मुकुन्द शर्मा, गोपाल वर्मा उर्फ गोपी और संतोष साहू बताया। तलाशी लेने पर उनके पास रखे ट्रॉली बैग से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 82.51 किलोग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 41 लाख 25 हजार 500 रुपए बताई गई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 303/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया है।

टाटीबंध में 44.799 किलो गांजा के साथ तीन पकड़े

दूसरी कार्रवाई थाना आमानाका क्षेत्र के टाटीबंध स्थित इस्कॉन टेंपल मोड़ के पास की गई। पुलिस को 8 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में खड़े हैं।

सूचना के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान कान्हू डाकुआ, सुमित भट्टाचार्य और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक के रूप में हुई।

पुलिस टीम ने उनके पास रखे बैग की तलाशी ली तो उसमें गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई में कुल 44.799 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 22 लाख 39 हजार 950 रुपए बताई गई है, जब्त किया गया। इस मामले में थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 338/26 के तहत धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

ओडिशा और पश्चिम बंगाल से जुड़े हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार आमानाका मामले में पकड़े गए आरोपी कान्हू डाकुआ ओडिशा और सुमित भट्टाचार्य पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। गंज थाना क्षेत्र के मामले में पकड़े गए आरोपियों के संबंध भी दूसरे राज्यों और अन्य जिलों से बताए गए हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे रायपुर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक की जांच

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से गांजा तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इसका उद्देश्य गांजे की सप्लाई के स्रोत से लेकर संभावित खरीदारों और पूरे नेटवर्क तक पहुंचना है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर प्रकरणों में एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी।

85 मामलों में 190 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक 85 प्रकरणों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

इन मामलों में पुलिस ने गांजा, ओशन ग्रो, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, एमडीएमए, पार्टी पिल्स, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, डोडा, हेरोइन, ब्राउन शुगर, अफीम सहित नगदी, वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस के अनुसार जब्त मशरूका की कुल कीमत 6 करोड़ 31 लाख 2 हजार 810 रुपए है।

रायपुर कमिश्नरेट के पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिनसन गुरिया की मॉनिटरिंग में यह कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!