कार्टून समाज को जागरूक करने के साथ सोचने और आत्ममंथन के लिए करता है प्रेरित : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
गंभीर विषयों को सहजता से जनमानस तक पहुंचाने की कार्टून में है अद्भुत क्षमता : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
युवा कार्टूनिस्ट अपनी रचनात्मकता को दें नई उड़ान, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें छत्तीसगढ़ का नाम : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री साय कार्टून फेस्टिवल-2026 में हुए शामिल, कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूर्ण होने पर दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के व्यक्तित्व एवं सेवा यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक का हुआ विमोचन
प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से किया गया सम्मानित
रायपुर । कार्टून केवल हास्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और समाज का एक सशक्त दर्पण है। यह गंभीर विषयों, सामाजिक परिस्थितियों और विसंगतियों को हास्य एवं व्यंग्य के माध्यम से सहजता से जनमानस तक पहुँचाने वाली प्रभावशाली रचनात्मक विधा है। कई बार जो बात हजारों शब्दों में कहना कठिन होता है, उसे एक प्रभावशाली कार्टून बड़ी सरलता और गहराई के साथ अभिव्यक्त कर देता है। कार्टून समाज को हंसाने के साथ-साथ सोचने, समझने और आत्ममंथन के लिए भी प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में ‘कार्टून वॉच’ पत्रिका द्वारा आयोजित ‘कार्टून फेस्टिवल-2026’ को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए यह बात कही।
कला और साहित्य समाज की चेतना के वाहक: मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कला और साहित्य किसी भी समाज की चेतना के मुख्य वाहक होते हैं। कार्टून इस दृष्टि से एक विशिष्ट कला है, जिसमें चित्र, विचार, हास्य और व्यंग्य का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है। एक कार्टूनिस्ट अपने सूक्ष्म अवलोकन और रचनात्मक दृष्टि से सामाजिक घटनाओं को ऐसा स्वरूप देता है, जो लंबे समय तक लोगों की स्मृति में बना रहता है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में कार्टून जनभावनाओं, जनअपेक्षाओं और सामाजिक सरोकारों को अभिव्यक्ति देने का एक सशक्त माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने भारतीय कार्टून कला की समृद्ध परंपरा का उल्लेख करते हुए महान कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण के योगदान को विशेष रूप से स्मरण किया। उन्होंने कहा कि आर.के. लक्ष्मण का प्रसिद्ध ‘कॉमन मैन’ केवल एक कार्टून चरित्र नहीं, बल्कि देश के सामान्य नागरिक की आशाओं, अपेक्षाओं, जिज्ञासाओं और चिंताओं की वास्तविक पहचान बन गया था।
युवा कार्टूनिस्टों को नया मंच और डिजिटल माध्यमों का सदुपयोग

मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्टून कला को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को भी अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का बेहतरीन अवसर मिल रहा है। उन्होंने ‘कार्टून फेस्टिवल-2026’ में जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने युवा कार्टूनिस्टों का आह्वान करते हुए कहा कि नई पीढ़ी में अपार प्रतिभा, कल्पनाशीलता और तकनीक की संभावनाएं हैं। डिजिटल माध्यमों के विस्तार ने रचनात्मक अभिव्यक्ति के नए मंच उपलब्ध कराए हैं। युवा कलाकार अपनी मौलिकता को बनाए रखते हुए राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून ‘कॉफी टेबल बुक’ का गरिमाममय विमोचन भी किया गया। मुख्यमंत्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्टून के माध्यम से किसी व्यक्तित्व और उसकी जीवन यात्रा को प्रस्तुत करना अभिव्यक्ति का एक बेहद रोचक माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने ‘कार्टून वॉच’ पत्रिका के प्रकाशन के 30 वर्ष पूर्ण होने और 31वें वर्ष में प्रवेश करने पर पत्रिका के संपादक त्र्यंबक शर्मा सहित पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कार्टून के माध्यम से समाज के गंभीर और संवेदनशील विषयों को व्यंग्य के जरिए सहज एवं सरल रूप में रेखांकित किया जा सकता है। उन्होंने कार्टून कला के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर ‘कार्टून वॉच’ के संपादक त्र्यंबक शर्मा, हिमांशु द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ पत्रकार, देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रख्यात कार्टूनिस्ट, कलाकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
