कभी बैनर की दीवारों के बीच गुजरती थी जिंदगी, अब पक्के आशियाने में संवर रहे आशा के सपने
प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला अपना घर, सड़क किनारे अस्थायी आशियाने में रहने की मजबूरी हुई दूर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जरूरतमंद परिवारों को मिल रहा आवास योजनाओं का लाभ

वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में आवासीय सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर

सुकन्या समृद्धि योजना में बेटियों के लिए कर रही हैं बचत, सुरक्षित भविष्य की दिशा में बढ़ाए कदम
रायपुर । कभी सड़क किनारे बैनर से बनी दीवारें ही उनके घर का एकमात्र सहारा थीं। न पक्की छत थी और न ही कोई सुरक्षित आशियाना। हर दिन परिवार की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की चिंता और एक बेहतर भविष्य की उम्मीद के बीच जिंदगी गुजर रही थी। लेकिन अब परिस्थित पूरी तरह बदल चुकी हैं। नवा रायपुर के सेक्टर-7 स्थित ग्राम चीचा की आशा के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना ने नई खुशियां और उम्मीदें भर दी हैं। कभी बैनर की दीवारों के बीच रहने वाली आशा आज अपने खुद के पक्के घर में परिवार के साथ सम्मान के साथ रह रही हैं। उनके लिए यह सिर्फ एक मकान नहीं, बल्कि वर्षों की परेशानियों से मिली राहत, सुरक्षा और एक नए जीवन का मजबूत आधार है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में निरंतर और प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में प्रदेश में आवासीय सुविधाओं के विस्तार और आम नागरिकों को बेहतर आवास उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर जरूरतमंद परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराने के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे इन प्रयासों से आशा जैसे अनगिनत परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का नया संबल मिल रहा है।
बैनर की दीवारों से पक्के घर तक का सफर
आशा के लिए अपना खुद का पक्का घर होना कभी एक बहुत बड़ा और दूर का सपना था। सीमित संसाधनों के कारण उन्हें लंबे समय तक सड़क किनारे बैनर की दीवारों से बने अस्थायी घर में रहना पड़ा था। ऐसे आशियाने में परिवार के साथ जीवन बिताना बिल्कुल आसान नहीं था। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने के बाद उनकी जिंदगी में एक सकारात्मक मोड़ आया है।
अब उनके पास अपना खुद का पक्का आशियाना है, जहां वे अपने परिवार के साथ पूरी तरह सुरक्षित और सुकून भरा जीवन व्यतीत कर रही हैं। जिस परिवार के पास कभी रहने के लिए कोई स्थायी ठिकाना नहीं था, आज उसके पास अपनी छत है। आशा इस बड़े बदलाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति अपना गहरा आभार व्यक्त करती हैं।
अब बेटियों के भविष्य को संवारने में जुटीं आशा
अपना पक्का घर मिलने के बाद अब आशा अपनी बेटियों के भविष्य को पूरी तरह सुरक्षित बनाने की दिशा में भी मजबूत कदम बढ़ा रही हैं। एक मां के रूप में उनकी सबसे बड़ी इच्छा यही है कि उनकी बेटियां अच्छी से अच्छी शिक्षा प्राप्त करें और भविष्य में आत्मनिर्भर बनें।
इसी सोच के साथ उन्होंने ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ के अंतर्गत अपनी बेटियों के लिए नियमित बचत करना शुरू कर दिया है। वे अपनी बच्चियों के खातों में हर महीने राशि जमा कर रही हैं। आशा के लिए यह बचत भले ही छोटी शुरुआत हो, लेकिन इसके पीछे एक मां के बड़े और सुनहरे सपने जुड़े हैं। नियमित बचत के माध्यम से वे आज ही अपनी बेटियों के बेहतर कल की मजबूत नींव रख रही हैं।
दो कल्याणकारी योजनाओं से बदली जिंदगी
आशा की यह प्रेरक कहानी सरकारी योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में आ रहे वास्तविक बदलाव का एक बेहतरीन उदाहरण है। एक तरफ प्रधानमंत्री आवास योजना ने उन्हें सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराया है, तो दूसरी तरफ सुकन्या समृद्धि योजना के माध्यम से वे अपनी बेटियों के भविष्य के लिए आर्थिक तैयारी कर रही हैं। इन दोनों योजनाओं ने उनके जीवन की दो सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं को नई दिशा दी है।
राज्य सरकार का यह निरंतर प्रयास है कि शासन की हर जनकल्याणकारी योजना का लाभ सीधे अंतिम छोर पर बैठे जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें। आशा की जिंदगी में आया यह बदलाव केवल एक घर मिलने की कहानी नहीं है, बल्कि एक मां के संघर्ष, अटूट उम्मीद और सपनों के साकार होने की एक प्रेरणादायक दास्तान है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
