राज्यपाल रमेन डेका ने बिलासपुर के 53 स्काउट-गाइड को राज्य पुरस्कार से किया सम्मानित
सर्वश्रेष्ठ रोवर, गाइड एवं रेंजर का पुरस्कार भी बिलासपुर के प्रतिभागियों ने जीता, राज्य स्तरीय समारोह में जिले का बढ़ाया गौरव
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह वर्ष 2025-26 में जिला बिलासपुर के प्रतिभागियों ने शानदार उपलब्धि हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ मण्डपम में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका के करकमलों से जिले के 53 स्काउट-गाइड, रोवर एवं रेंजर को राज्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जिले के प्रतिभागियों ने सर्वश्रेष्ठ रोवर, सर्वश्रेष्ठ गाइड एवं सर्वश्रेष्ठ रेंजर का पुरस्कार भी अपने नाम किया।

जिला बिलासपुर के कुल 53 प्रतिभागियों को राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिनमें 16 स्काउट, 23 गाइड, 3 रोवर एवं 11 रेंजर शामिल हैं। यह उपलब्धि जिले में स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों के प्रति युवाओं के समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना को दर्शाती है। राज्य पुरस्कार प्रमाणपत्र प्राप्त करने वालों में स्काउट वर्ग से ग्यास खान, गाइड वर्ग से सुहानी यादव, रोवर वर्ग से सोहन कुमार तथा रेंजर वर्ग से आयुषी कश्यप शामिल रहे। जिला संगठन आयुक्त स्काउट महेंद्र बाबू टंडन को भी राज्य पुरस्कार प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। वहीं, सर्वश्रेष्ठ रोवर पुरस्कार से चंद्रशेखर पंकज, सर्वश्रेष्ठ गाइड पुरस्कार से दिव्या पटेल तथा सर्वश्रेष्ठ रेंजर पुरस्कार से कृति बिजोर को सम्मानित किया गया। इन विशिष्ट उपलब्धियों ने जिला बिलासपुर की प्रतिष्ठा को और बढ़ाया है।

समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री एवं राज्य अध्यक्ष गजेंद्र यादव, राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, सचिव स्कूल शिक्षा विभाग डॉ. कमल प्रीत सिंह, सचिव राज्यपाल लोक भवन डॉ. प्रसन्ना, राज्य सचिव अमित छत्रिय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला संघ बिलासपुर की ओर से संयुक्त राज्य सचिव बीना यादव, राज्य मुख्यालय आयुक्त रविश गुप्ता, सहायक राज्य आयुक्त विजय कुमार यादव एवं भूपेंद्र शर्मा, जिला मुख्य आयुक्त राजेंद्र साहू, जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय, जिला आयुक्त गाइड आरती राय, जिला मुख्यालय आयुक्त स्काउट टुकेश्वर यादव, दिनेश जायसवाल, डॉ. नवनीत कौशिक, जिला सचिव लता यादव, जिला संगठन आयुक्त गाइड डॉ. पूनम सिंह, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट संतोष त्रिपाठी एवं जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड माधुरी यादव सहित अन्य पदाधिकारियों का मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
