छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 : कृषि विभाग के स्टॉल में हरियाली का खूबसूरत नजारा
खेती-किसानी, मत्स्य पालन, जल प्रबंधन का बेहतरीन प्रस्तुतिकरण

खेती से जुड़े उत्पादों को लेकर दिखा जनमानस में खासा उत्साह

बस्तर कैफे की खुश्बू और कामधेनु विश्वविद्यालय की रबड़ी मिठास की भी धूम
खेती-किसानी के आधुनिक मशीनों के संबंध में जानकारी ले रहे आगंतुक
रायपुर । नवा रायपुर में राज्योत्सव 2026 के तीन दिवसीय भव्य आयोजन में कृषि विभाग के स्टॉल में प्राकृतिक हरीतिमा की बहार चारों तरफ फैली हुई है। वहीं खेती-किसानी, मत्स्य पालन, जल प्रबंधन और जैव विविधता का बेहतरीन प्रस्तुतीकरण देखते ही बनता है। खेती से जुड़े उत्पादों, खासतौर पर उन्नत बीजों और विभिन्न जैविक खाद्य पदार्थों को लेकर मेले में पहुंच रहे लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। कृषि से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ ही उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्यपालन, कुक्कुटपालन और अन्य आजीविका मूलक गतिविधियों तथा प्राकृतिक अनुकूलता एवं भूजल स्तर के संरक्षण के संबंध में कृषि विभाग के स्टॉल में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। परंपरागत धान की खेती के साथ-साथ वैकल्पिक एवं अधिक लाभकारी फसलों की ओर बढ़ने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार द्वारा किए जा रहे ठोस प्रयासों को भी यहां बखूबी रेखांकित किया गया है।
कृषि विभाग के विशाल स्टॉल में प्रवेश करते ही लोगों के चेहरों पर सुकून का एहसास साफ तौर पर दिखाई देता है। शीतल वातावरण में चारों तरफ फैली हरियाली एक सुंदर ग्रामीण परिवेश का सजीव नजारा प्रस्तुत कर रही है। यहां पहुँच रहे लोग सब्जी-भाजी, रंग-बिरंगे फूलों, पेड़-पौधों और आधुनिक खेती-किसानी से लेकर पशुधन विकास के विभिन्न कार्यों के संबंध में उत्सुकता से जानकारी लेते हुए दिखाई दिए।
स्टॉल में थोड़ा आगे बढ़ते ही एक विशेष सेक्शन में लोगों की भारी भीड़ दिखाई देती है। यहां दाऊ वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय की स्वादिष्ट रबड़ी के बारे में जानकारी लेते हुए लोग उसकी मिठास का भरपूर आनंद ले रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ बस्तर कैफे की मनमोहक सुगंध भी आने-जाने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। खास बात यह है कि पूरे पंडाल में लोग अपनी-अपनी जरूरतों के हिसाब से शुद्ध शहद से लेकर अन्य जैविक खाद्य पदार्थों की जमकर खरीदी भी कर रहे हैं।
खेती-किसानी के नवीनतम कृषि यंत्रों के संबंध में भी आम जनमानस और किसान बंधु विस्तृत जानकारी ले रहे हैं। स्टॉल में आधुनिक बेलर, स्ट्रॉ चॉपर, कंबाइन हार्वेस्टर, पैडी ट्रांसप्लांटर, रीपर एवं अन्य कृषि यंत्रों को प्रदर्शित किया गया है। साथ ही राज्य शासन द्वारा इन आधुनिक कृषि यंत्रों को खरीदने के लिए किसानों को दिए जाने वाले विभिन्न अनुदान (सब्सिडी) के संबंध में भी अधिकारियों द्वारा विस्तार से बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए फसल विविधीकरण (क्रॉप डाइवर्सिफिकेशन) को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। राज्य शासन की मंशा है कि प्रदेश के किसान परंपरागत खेती के साथ-साथ स्थानीय जलवायु, मिट्टी और बाजार की मांग के अनुरूप आधुनिक एवं लाभकारी फसलों को अपनाएं, जिससे कृषि उत्पादन में विविधता आने के साथ-साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो और आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
