पांच साल से फरार हत्या के प्रयास और बलवा के तीन आरोपी गिरफ्तार, मल्हार पुलिस की दबिश में आए पकड़ में
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय
सिरगिट्टी क्षेत्र में गोपनीय सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी, आरोपियों के खिलाफ लंबित चार स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी हुई तामिली

बिलासपुर । हत्या के प्रयास एवं बलवा जैसे गंभीर मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे तीन आरोपियों को मल्हार पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ा। खास बात यह है कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2018 से संबंधित अन्य मामलों में लंबित चार स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी तामिली की है। लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को मल्हार पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 9 मार्च 2021 की है। ग्राम बिनेका में ओमप्रकाश कुर्रे, उसके पुत्र लव कुर्रे एवं राजेश कुर्रे ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रामेश्वर कोसले एवं अन्य लोगों के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि आरोपियों ने हत्या करने की नीयत से हमला करते हुए मारपीट और बलवा किया, जिसमें पीड़ित पक्ष के लोगों को गंभीर चोटें आई थीं। घटना की शिकायत पर थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 94/2021 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की थी।
घटना के बाद से बदल रहे थे ठिकाने
मामले में अपराध दर्ज होने के बाद से ही तीनों आरोपी पुलिस गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहे थे। पुलिस द्वारा लगातार उनकी तलाश की जा रही थी, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदल रहे थे। समय बीतने के साथ मामला लंबित रहा और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी।
इसी बीच उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने फरार आरोपियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार आरोपियों की तलाश तेज करने के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में चौकी मल्हार पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर सिरगिट्टी में घेराबंदी
पुलिस टीम ने पुराने प्रकरण की केस डायरी की समीक्षा करते हुए आरोपियों के संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पांच वर्षों से फरार तीनों आरोपी सिरगिट्टी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही मल्हार पुलिस की टीम ने गोपनीय तरीके से मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश कुर्रे पिता सुकुल कुर्रे, उम्र 55 वर्ष, लव कुर्रे पिता ओमप्रकाश कुर्रे, उम्र 30 वर्ष तथा राजेश कुर्रे पिता ओमप्रकाश कुर्रे शामिल हैं। तीनों आरोपी ग्राम बिनेका, चौकी मल्हार क्षेत्र के निवासी हैं।
चार स्थाई गिरफ्तारी वारंट भी किए गए तामील
इस कार्रवाई में एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई कि तीनों आरोपियों के विरुद्ध वर्ष 2018 से संबंधित अन्य प्रकरणों में कुल चार स्थाई गिरफ्तारी वारंट भी लंबित थे। इन मामलों में भी आरोपी लंबे समय से न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे थे। पुलिस टीम ने गिरफ्तारी के दौरान चारों स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की तामिली भी की।
तीनों आरोपियों को चौकी मल्हार लाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके बाद उन्हें अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुराने लंबित वारंटों की तामिली भी सुनिश्चित हुई है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
