‘ऑपरेशन बाज’ के तहत मुंगेली पुलिस की कार्रवाई, बाइक से शराब तस्करी करते दो युवक गिरफ्तार
नवागांव चीनू के दोनों आरोपियों से 30 पौवा देशी शराब बरामद, शराब और पल्सर बाइक सहित 42,400 रुपये की सामग्री जब्त
मुंगेली। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए मुंगेली पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब का परिवहन करते दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 नग देशी प्लेन शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 42 हजार 400 रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली पर्व को देखते हुए असामाजिक तत्वों और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को दिए हैं। इसी क्रम में 10 नवंबर 2026 को सिटी कोतवाली पुलिस टाउन पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-28-L-7521 में दो व्यक्ति ग्राम बिरगांव की ओर से दाऊपारा की तरफ अवैध शराब लेकर आ रहे हैं।

साईं पेट्रोल पंप के पास पुलिस ने की घेराबंदी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने साईं पेट्रोल पंप, बिरगांव रोड के पास घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकवाया। बाइक में दो युवक सवार थे और उनके बीच सफेद कपड़े के थैले में शराब रखी हुई थी। पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम सागर वर्मा (18 वर्ष 7 माह), पिता पवन वर्मा तथा पीछे बैठे युवक ने महेश विश्वकर्मा (19 वर्ष), पिता राधेश्याम विश्वकर्मा, दोनों निवासी नवागांव चीनू, थाना सिटी कोतवाली मुंगेली बताया।
30 नग शराब और पल्सर बाइक जब्त
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में थैले की तलाशी ली तो उसमें 180 एमएल की 30 नग देशी प्लेन शराब बरामद हुई। कुल मात्रा 5.400 बल्क लीटर और कीमत 2,400 रुपये आंकी गई। शराब के परिवहन एवं बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर दोनों आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है, को विधिवत जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक के तहत धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगी कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक की अहम भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
