धान खरीदी को लेकर किसानों में उत्साह, किसान ओंकार साहू ने ’तुंहर टोकन ऐप’ के माध्यम से टोकन कटाने के बाद जताई खुशी

0
IMG-20261112-WA0860

अपनी मेहनत की उपज बेचने का बेसब्री से इंतजार कर रहे किसान, बालोद जिले के 161 उपार्जन केंद्रों में तैयारियां जारी

रायपुर । राज्य में आगामी 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत होने जा रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत शुरू होने वाली धान खरीदी को लेकर किसानों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अपनी मेहनत से उपजाई गई फसल को उपार्जन केंद्रों में बेचने के लिए किसान उत्सुक हैं।

धान खरीदी को लेकर बालोद जिले के किसान ओंकार साहू ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि कई महीने की मेहनत के बाद धान की फसल तैयार होती है। 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान बेचने से किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने के साथ आर्थिक मजबूती भी मिलती है। खरीदी शुरू होने का उन्हें बेसब्री से इंतजार है। उन्होंने बताया कि धान विक्रय हेतु उन्होंने ’तुंहर टोकन ऐप’ के माध्यम से ऑनलाइन टोकन भी कटा लिया है। उन्होंने कहा कि शासन प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्र मेड़की में किसानों के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है। यहां बैठक, पेयजल, शौचालय सहित धान विक्रय की सभी व्यवस्था बहुत अच्छी होती है। किसान ओंकार साहू ने किसान हितैषी योजनाओं के संचालन के लिए शासन-प्रशासन सहित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

बालोद जिले के सभी 161 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इस वर्ष टोकन वितरण की व्यवस्था को भी सुविधाजनक बनाया गया है। इसके तहत 30 प्रतिशत टोकन समिति कार्यालयों के माध्यम से तथा 70 प्रतिशत टोकन ऑनलाइन माध्यम से जारी किए जाएंगे। 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी को लेकर जिले के किसानों में उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!