मुंगेली में ‘आस-पड़ोस युवा संसद 2026-27’ का आयोजन, युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प
दीनबंधु सहयोग संस्था में आयोजित कार्यक्रम में नशे के दुष्परिणामों पर दी गई जानकारी, शॉर्ट फिल्म के जरिए युवाओं को किया गया जागरूक
मुंगेली। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, जिला मुंगेली के तत्वावधान में 14 नवंबर को दीनबंधु सहयोग संस्था, मुंगेली में ‘आस-पड़ोस युवा संसद 2026-27’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘नशामुक्त युवा’ रहा। इसमें युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
उप निदेशक नितिन शर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का संचालन NYV नितेश कुमार मोहले ने किया। इस अवसर पर रिसोर्स पर्सन अरुण कुमार साहू एवं शेखर राजपूत ने युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। वहीं ज्योति मैडम, प्रीति मैडम तथा मेरा युवा भारत के युवा स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने मादक पदार्थों एवं नशीली दवाओं के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि उसके परिवार, आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। युवाओं को नशे की शुरुआत से बचने, गलत संगति से दूर रहने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर समय रहते परिवार एवं विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लेने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में शॉर्ट फिल्म के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके जरिए युवाओं को नशे से होने वाले नुकसान को समझाते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
युवा संसद के अंतर्गत युवाओं से नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सुझाव एवं प्रेरक नारों को आमंत्रित किया गया। इसके लिए विशेष रूप से सुझाव एवं स्लोगन बॉक्स रखा गया, जिसमें युवाओं ने अपने विचार, सुझाव और जागरूकता संबंधी संदेश प्रस्तुत किए। इस गतिविधि के माध्यम से युवाओं को सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखने और समाधान की दिशा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में युवाओं से अपने साथियों, परिवार और आसपास के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। साथ ही विकसित भारत के निर्माण में स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार युवा शक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को जागरूक करने और नशामुक्त युवा, नशामुक्त समाज एवं नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

