कलेक्टर अजीत वसंत ने स्वास्थ्य विभाग की ली समीक्षा बैठक

0
IMG-20261114-WA1201

जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा, आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने आवश्यक कार्यवाही के निर्देश

मानव संसाधनों एवं रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तथा स्वास्थ्य केंद्र भवनों, उपकरणों, दवाईयों आदि की उपलब्धता की ली गई जानकारी

मैनपाट के लुरेना एवं लखनपुर के डाढ़केसरा में डीएमएफ से नवीन उपस्वास्थ्य केंद्र भवन किए जाएंगे स्वीकृत

गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन कार्य की हुई समीक्षा, सीतापुर विकासखंड में पंजीयन बढ़ाने दिए निर्देश

निजी अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश, स्वास्थ्य विभाग नियमित जांच करें- कलेक्टर वसंत

कलेक्टर अजीत वसंत ने शनिवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक लेकर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं तथा जिले में संचालित विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जे एस सरुता, सिविल सर्जन डॉ जे के रेलवानी, डीपीएम डॉ पुष्पेंद्र राम सहित राष्ट्रीय कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, बीएमओ, बीपीएम तथा सर्वसम्बन्धित उपस्थित रहे।

इस दौरान पूर्व निरीक्षणों एवं बैठक में दिए गए निर्देशों में कार्यवाही की समीक्षा की गई। उन्होंने डॉक्टरों द्वारा प्राइवेट चिकित्सालयों में मरीजों के रेफरल एवं कारणों की विस्तृत समीक्षा की तथा कहा कि बीएमओ मॉनिटरिंग करें, अनावश्यक रेफ़रल ना हो, अन्यथा सम्बंधित पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चिरायु की टीम स्कूल, आश्रम, छात्रावासों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हेतु जाएं। इस दौरान जिले में वेक्टर जनित रोगों के प्रभाव की जानकारी ली तथा कहा कि लोगों को जागरूक करें, वेक्टर जनित बीमारियों के लक्षण एवं बचाव के तरीके भी बताए जाएं। उन्होंने आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा टी.बी. उन्मूलन के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। इस दौरान विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों अंतर्गत टीकाकरण कार्य की जानकारी ली गई। कलेक्टर वसंत ने U-WIN पोर्टल में सभी पात्र गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का शत-प्रतिशत पंजीयन पूर्ण करने के निर्देश दिए।कलेक्टर वसंत ने पीवीटीजी समुदायों हेतु जारी स्वास्थ्य स्क्रीनिंग अभियान में जिले की प्रगति की जानकारी ली तथा परीक्षण के बाद गम्भीर मरीजों के ईलाज हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने निर्देशित किया।

मानव संसाधनों की उपलब्धता, रिक्त पदों एवं भर्ती प्रक्रिया की ली गई जानकारी-

बैठक में कलेक्टर वसंत ने स्वास्थ्य विभाग में मानव संसाधनों की उपलब्धता, विभिन्न रिक्त पदों एवं भर्ती प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने एनएचएम के माध्यम से जारी भर्ती प्रक्रिया के साथ ही डीएमएफ मद से स्वीकृत अतिरिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया की जानकारी ली तथा भर्ती प्रकिया में समय सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा स्वास्थ्य विभाग में अब मानव संसाधन पर्याप्त है, इसलिए चिकत्सकों एवं कर्मचारियों की अनुपलब्धता के कारण किसी भी प्रकार की शिकायत ना मिले।

स्वास्थ्य केंद्रों में भवन, उपकरण एवं दवाइयों की उपलब्धता की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

बैठक में स्वास्थ्य केंद्र भवनों के मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की जानकारी ली गई तथा समय सीमा में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। कलेक्टर वसंत ने विकासखण्ड मैनपाट के लुरेना एवं विकासखण्ड लखनपुर के डाढ़केसरा में डीएमएफ मद से नवीन उपस्वास्थ्य केंद्र भवन स्वीकृत किए जाने प्रस्ताव तैयार कर प्रेषित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कलेक्टर ने जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध चिकित्सकीय उपकरणों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति तथा आमजन तक इनकी पहुंच की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

गर्भवती महिलाओं का एएनसी पंजीयन बढ़ाने दिए निर्देश-

गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन की समीक्षा करते हुए प्रथम तिमाही में गर्भवती महिलाओं का पंजीयन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए,साथ ही प्रत्येक गर्भवती महिला की कम से कम चार या उससे अधिक एएनसी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से गर्भवती महिलाओं की पहचान, समय पर पंजीयन, नियमित जांच और सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासखण्डवार आंकड़ो को समीक्षा के दौरान सीतापुर विकासखंड में पंजीयन की स्थिति का महिला एवं बाल विकास विभाग के वास्तविक आंकड़ो से वेरिफाई करने निर्देशित किया।

संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर विशेष जोर- कलेक्टर ने संस्थागत प्रसव बढ़ाने के लिए मैदानी अमले के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी, समय पर स्वास्थ्य जांच और आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य संस्थान तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनका नियमित फॉलोअप एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने जिले में मातृत्व मृत्यु दर की जानकारी ली तथा गर्भवती महिलाओं को पर्याप्त पोषण आहार, नियमित जांच, आवश्यक दवाइयों, टीकाकरण आदि सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने सुदूर क्षेत्रों में विशेष फोकस कर लोगों को संस्थागत प्रसव हेतु प्रोत्साहित करने कहा। इस दौरान मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।

निजी अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश, स्वास्थ्य विभाग को नियमित जांच के निर्देश-

इस दौरान निजी अस्पतालों में मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार, बुनियादी डेकोरम और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आगामी एक माह में जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को उपचार देने में किसी प्रकार की लापरवाही ना बरती जाए और नर्सिंग होम एक्ट के प्रावधानों का सख्ती से पालन हो। जांच के दौरान अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं, साफ-सफाई, मरीजों के प्रति व्यवहार, आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार की व्यवस्था और नर्सिंग होम एक्ट के नियमों के पालन की स्थिति का परीक्षण किया जाएगा। जहां भी लापरवाही या अनियमितता सामने आएगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की हुई विस्तृत समीक्षा-

बैठक में विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम, आयुष्मान कार्ड, आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना, राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ट उन्मूलन कार्यक्रम, आईडीएसपी प्रगति रिपोर्ट सहित अन्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए संबंधित विकास खंडों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश दिए गए।उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक सुलभ बनाने निर्देशित करते हुए विभाग को अपने दायित्वों का गम्भीरता से निर्वहन करने कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!