संविधान दिवस पर उर्मिला रमेश यादव ने संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का किया आह्वान
कहा– संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता और न्याय के सिद्धांत ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला
मुंगेली। संविधान दिवस के अवसर पर जिला महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष उर्मिला रमेश यादव ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संविधान के महत्व और उसके मूल आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। यह प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करता है।
उर्मिला रमेश यादव ने कहा कि 26 नवंबर का दिन देश के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के समान अधिकार दिए हैं। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्श भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं।
उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का आधार है। इसकी रक्षा करना और इसमें दिए गए अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और समान अवसरों पर जोर देते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण के लिए संवैधानिक मूल्यों को व्यवहार में उतारना आवश्यक है।
अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से संविधान के आदर्शों का सम्मान करने, आपसी भाईचारा बनाए रखने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

