नालंदा परिसर फेज-2 से गढ़ेगा युवा अपनी सफलता का इतिहास : अरुण सावबसंत पंचमी पर 1017 सीटर नए नालंदा परिसर का भूमिपूजन, 21 करोड़ से अधिक की लागत


रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
बिलासपुर । राजधानी रायपुर में उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन व विकास मंत्री अरुण साव ने बसंत पंचमी के पावन अवसर पर एनआईटी के सामने जीई रोड स्थित नालंदा परिसर फेज-2 का भूमिपूजन किया। 21 करोड़ 7 लाख रुपए की लागत से बनने वाला यह आधुनिक परिसर 1017 सीटों की क्षमता वाला होगा।


उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नालंदा परिसर फेज-2 में अध्ययन करने वाले युवा अपनी मेहनत और लगन से सफलता का नया इतिहास गढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह परिसर इस बात का प्रमाण है कि विष्णु देव साय सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्तमान में संचालित नालंदा परिसर की तरह ही यह नया परिसर भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

उन्होंने बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर उन्हें नमन किया और कहा कि इस परिसर में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों पर माता सरस्वती की विशेष कृपा बनी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को चेक भी वितरित किए गए।
वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर राजधानीवासियों को यह एक बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सतत प्रयासों से रायपुर में विकास कार्यों को गति मिली है।
रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने नालंदा परिसर फेज-2 के निर्माण के लिए उप मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्र शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है और यह नया परिसर युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। रायपुर महापौर मीनल चौबे ने कहा कि शहर के हृदय स्थल पर बनने वाला यह परिसर विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के कैरियर निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।
ऐसी होंगी सुविधाएं
नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने बताया कि नालंदा परिसर फेज-2 में 90 सीटों का व्याख्यान कक्ष, 24 घंटे को-वर्किंग स्पेस, 950 से अधिक दोपहिया और 75 से अधिक चारपहिया वाहनों की पार्किंग, कैफेटेरिया, जिम, स्पोर्ट्स जोन, बच्चों का खेल क्षेत्र और इंडोर गेम्स जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की निगरानी में तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्य नागरिक आपूर्ति निगम, विभिन्न विकास बोर्डों के अध्यक्ष, नगर निगम के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



