हाई टेंशन टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार धान खरीदी टोकन के लिए दबाव बनाने की कोशिश, पुलिस ने रेस्क्यू कर भेजा जेल

0
IMG-20260201-WA0117.jpg

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

जांजगीर–चांपा । जिले के ग्राम कसौंदी में धान खरीदी का टोकन नहीं मिलने से नाराज एक व्यक्ति द्वारा हाई टेंशन टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को सुरक्षित रेस्क्यू कर गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

घटना से मचा हड़कंप
ग्राम कसौंदी निवासी अनिल गड़ेवाल (38 वर्ष) द्वारा गांव के खेत में लगे हाई टेंशन टावर पर चढ़कर जोर-जोर से हल्ला करने और गाली-गलौज करने की सूचना पुलिस को मिली। आरोपी धान बिक्री का टोकन नहीं मिलने और धान नहीं बिकने से परेशान होकर टावर पर चढ़ा था तथा टोकन देने की मांग करते हुए आत्महत्या की धमकी दे रहा था।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी तत्काल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना कोतवाली की पुलिस टीम राजस्व अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

तीन घंटे चला समझाइश और रेस्क्यू
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को लगातार समझाइश दी जाती रही, लेकिन वह मौके पर मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों को अश्लील गाली-गलौज करते हुए टोकन नहीं देने पर आत्महत्या करने और सभी को फंसाने की धमकी देता रहा। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को सुरक्षित टावर से नीचे उतारकर रेस्क्यू किया।

पूछताछ में अपराध स्वीकार
रेस्क्यू के बाद पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि धान बिक्री नहीं होने और टोकन नहीं मिलने से परेशान होकर उसने आत्महत्या की धमकी देकर अनावश्यक दबाव बनाने का प्रयास किया।

इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत—

  • लोक सेवक को क्षतिकारित करने की धमकी देना – धारा 224
  • लोक सेवक को विधि-विरुद्ध कार्य करने हेतु विवश करना – धारा 226
  • सार्वजनिक स्थान पर अश्लील गाली-गलौज – धारा 296
  • आत्महत्या की धमकी देकर भयभीत करना – धारा 308(4)

के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए कानून का सहारा लें, ऐसे खतरनाक और गैरकानूनी तरीकों से दबाव बनाने का प्रयास न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!