सेमो को मिली बिजली की बड़ी सौगात उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 2.38 करोड़ के विद्युत उपकेंद्र का किया भूमिपूजन

0
IMG-20260211-WA0522.jpg

रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह


कवर्धा। कबीरधाम जिले के विकासखंड कवर्धा अंतर्गत ग्राम सेमो को प्रदेश सरकार ने बड़ी सौगात दी है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम सेमो में 2 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 33/11 केवी नवीन विद्युत उपकेंद्र की आधारशिला रखी। इस उपकेंद्र के निर्माण से क्षेत्र के 10 गांवों के लगभग 2 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को स्थायी, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार गांव, गरीब और किसानों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। लंबे समय से क्षेत्र में लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या बनी हुई थी, जो अब इस उपकेंद्र के निर्माण से समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक और कृषि विकास को नई गति देगी।

इस उपकेंद्र में 5 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा तथा तीन नए 11 केवी फीडर निकाले जाएंगे। इससे सोनबरसा, चारभांठा, गदहाभांठा, बारदी, बरदुली, सेमो, मानपुर, सिंघनपुरी, भेलवाभांवर और दुल्लापुर गांव लाभान्वित होंगे। क्षेत्र में लगभग 500 कृषि पंप होने के कारण किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!