तरेंगांव जंगल में 12 फरवरी को जिला स्तरीय किसान मेला


रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा होंगे मुख्य अतिथि, किसानों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
कवर्धा। जिले के बोड़ला विकासखंड के सुदूर वनांचल एवं बैगा बाहुल्य क्षेत्र तरेंगांव जंगल में 12 फरवरी, गुरुवार को जिला स्तरीय किसान मेला एवं विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम पी.एम. एकलव्य आवासीय विद्यालय परिसर में सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे।


किसान मेले में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद संतोष पाण्डेय करेंगे, जबकि विधायक भावना बोहरा सहित जिले के जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

उप संचालक कृषि अमित मोहंती ने बताया कि मेले में कृषि सहित विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा तथा उत्कृष्ट कृषकों को सम्मानित कर प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत किसानों को जैविक कीटनाशक तैयार करने हेतु 100 लीटर क्षमता के प्लास्टिक ड्रम वितरित किए जाएंगे। वहीं गन्ना विकास योजना के तहत चयनित किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर बैटरी स्प्रेयर भी प्रदान किए जाएंगे।
मेले का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ना, आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित करना और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ किसानों तक पहुंचाना है। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



