संपूर्णता अभियान 2.0 के लक्ष्यों पर फोकस करें विभाग — कलेक्टर गोपाल वर्मा
रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह
प्रतिमाह 7 तारीख तक चावल भंडारण व वितरण अनिवार्य, जनगणना की तैयारियां तेज
कवर्धा। कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों और शासन की योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संपूर्णता अभियान 2.0 को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें। विशेष रूप से आकांक्षी विकासखंड बोड़ला में निर्धारित सभी 6 इंडिकेटर्स को हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि फील्ड स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग कर कार्यों में तेजी लाई जाए।
राशन वितरण व्यवस्था पर सख्ती
कलेक्टर वर्मा ने खाद्य विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी राशन दुकानों में चावल का पर्याप्त भंडारण समय पर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भंडारण के साथ-साथ वितरण भी समानांतर रूप से चलता रहे और प्रतिमाह 7 तारीख तक चावल उत्सव के साथ वितरण अनिवार्य रूप से प्रारंभ हो जाना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पीएम जनमन योजना व आवास निर्माण पर जोर
बैठक में पीएम जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की ब्लॉकवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों के आवास स्वीकृत हैं लेकिन निर्माण प्रारंभ नहीं हुआ है, उनसे आवास मित्रों के माध्यम से तत्काल संपर्क कर कार्य शुरू करवाएं। अधिकारियों ने बताया कि आवास निर्माण में अब तेजी आई है और शेष आवासों को भी जल्द प्रारंभ कर लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
शिक्षा, निर्माण और स्वास्थ्य की समीक्षा
शासन के निर्देशानुसार पीएम स्कूलों के संचालन और मूल्यांकन के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्कूलों का निरीक्षण कर बिंदुवार रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इसके साथ ही निर्माणाधीन छात्रावास भवनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान कार्ड और वय वंदन कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं पीएम सूर्यघर योजना के तहत रजिस्ट्रेशन और सोलर पैनल इंस्टॉलेशन कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
जनगणना की तैयारियां शुरू
कलेक्टर वर्मा ने आगामी जनगणना की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार इसके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 27 और 28 फरवरी को सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण होगा, जिसमें उनकी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों की जानकारी दी जाएगी।
अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में सीईओ जिला पंचायत , एडीएम , अपर कलेक्टर सहित सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




