IMG-20260224-WA1038

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और पेयजल को नई मजबूती

कवर्धा। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रस्तुत छत्तीसगढ़ सरकार के बजट 2026 में कबीरधाम जिले को विकास की दिशा में कई बड़ी और दूरगामी सौगातें मिली हैं। इस बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, सामाजिक कल्याण और परिवहन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जिससे जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। आमजन का मानना है कि यह बजट जिले के समग्र विकास की मजबूत नींव रखेगा।

स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार

बजट के तहत कुंडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उन्नत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए नए भवन का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। वहीं कबीरधाम मेडिकल कॉलेज के संचालन के लिए आवश्यक सेटअप उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। मेडिकल कॉलेज के पूरी क्षमता से शुरू होने पर जिले के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर भी मिलेंगे।

सड़क नेटवर्क होगा मजबूत

जिले की अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए कवर्धा–खमरिया मार्ग के उन्नयन और चौड़ीकरण के लिए 23 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे आवागमन सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लोरमी–पंडरिया रोड से सिंघनपुरी तथा रवेली रोड से जरती तक नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इससे दूरस्थ गांवों का जिला मुख्यालय और बाजारों से संपर्क मजबूत होगा।

शिक्षा को मिलेगा नया आधार

शिक्षा के क्षेत्र में पंडरिया में नालंदा लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। इस लाइब्रेरी में आधुनिक अध्ययन संसाधनों के साथ करियर काउंसलिंग केंद्र भी स्थापित होगा। इससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, मार्गदर्शन और करियर से जुड़ी जानकारी एक ही स्थान पर मिल सकेगी। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल जिले के युवाओं को नई दिशा देगी।

120 गांवों को मिलेगा शुद्ध पेयजल

ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए बड़े स्तर पर प्रावधान किए गए हैं। सुतियापाठ जलाशय से ठाठापुर क्षेत्र के 54 गांवों तथा क्षीरपानी जलाशय से 66 गांवों में पेयजल उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। इस योजना से करीब 120 गांवों के हजारों लोगों को शुद्ध पेयजल मिलेगा और वर्षों पुरानी जल संकट की समस्या का समाधान होगा।

वरिष्ठ नागरिकों और परिवहन व्यवस्था पर भी फोकस

वरिष्ठ नागरिकों के लिए जिला मुख्यालय में “सियान गुड़ी” को डे-केयर सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां स्वास्थ्य सुविधा, देखभाल और सामाजिक गतिविधियों का प्रबंध होगा। वहीं परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए कवर्धा में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक (ई-ट्रैक) की स्थापना की जाएगी। इससे ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया तकनीक आधारित और निष्पक्ष होगी।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने जताया आभार

जिले के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस बजट का स्वागत करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री तथा वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत यह बजट जनहित में लिया गया मजबूत फैसला है। लोगों का कहना है कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से कबीरधाम जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का स्तर बेहतर होगा और आमजन की जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आएगा।

कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट कबीरधाम जिले के लिए विकास की नई इबारत लिखने वाला साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!