दुर्ग में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़, 8 करोड़ रुपये के पौधे जब्त
दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। ग्राम समोदा, झेनझरी और सिरसा के बीच स्थित खेत में करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल भूमि में उगाई गई अफीम की फसल को जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई को पुलिस, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल), आबकारी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि जेवरा–सिरसा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत कुछ खेतों में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के दौरान खेत में मक्का और भुट्टे की फसल के बीच-बीच में अफीम के पौधे लगे पाए गए। इसके बाद अन्य संबंधित विभागों को सूचना देकर संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान लगभग 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में अफीम के पौधे पाए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया। इन पौधों की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

राजस्व विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर भूमि अभिलेखों की जांच की। जांच में ग्राम झेंझरी, तहसील दुर्ग स्थित खसरा नंबर 309 (80 डिसमिल) तथा खसरा नंबर 310 (9 एकड़ 92 डिसमिल) कुल 10 एकड़ 72 डिसमिल भूमि दर्ज पाई गई।

प्रारंभिक जांच में तीन व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें विनायक ताम्रकार (58) निवासी तेमरापारा दुर्ग, विकास बिश्नोई (27) निवासी ग्राम मटोडा थाना मटोडा जिला जोधपुर (राजस्थान) हाल मुकाम ग्राम समोदा दुर्ग तथा मनीष ठाकुर (45) शामिल हैं। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि अफीम की खेती के लिए बाहर से लोगों को बुलाकर काम कराया जा रहा था। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
जब्त किए गए अफीम के पौधों की न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष विधिवत सैंपलिंग की कार्रवाई भी की गई है।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और मणिशंकर चन्द्रा, नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर, एसडीओपी धमधा चित्रा वर्मा, सीएसपी भिलाई नगर सत्य प्रकाश, थाना पुलगांव और जेवरा–सिरसा चौकी पुलिस के साथ एनसीबी, एफएसएल, आबकारी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशीले पदार्थों के उत्पादन, परिवहन या व्यापार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




