यूपीएससी में 452वीं रैंक हासिल कर अजय गुप्ता ने बढ़ाया जिले का मानएसएसपी शशि मोहन सिंह सहित पुलिस अधिकारियों ने घर पहुंचकर दी बधाई
रायगढ़ । जिले के ग्राम संबलपुरी के होनहार युवा अजय गुप्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 452वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम देश और प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) उत्तम प्रताप सिंह सोमवार शाम ग्राम संबलपुरी पहुंचे और अजय गुप्ता से सौजन्य भेंट कर उन्हें बधाई दी। अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना की।
इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अजय गुप्ता जैसे युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, निरंतर प्रयास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही बड़ी सफलताएं हासिल होती हैं।
वहीं अजय गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम के साथ लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने से सफलता जरूर मिलती है।
अजय गुप्ता की इस उपलब्धि से जिले के युवाओं में नई प्रेरणा और उत्साह का माहौल है। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




