ब्लैकमेलिंग से तंग आकर महिला ने की आत्महत्या, आरोपी गिरफ्तार सुसाइड नोट और ऑडियो रिकॉर्डिंग बने अहम साक्ष्य, तमनार पुलिस की कार्रवाई

0
IMG-20260310-WA0476

रायगढ़ । ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में तमनार पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मर्ग जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का अपराध दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना तमनार में मर्ग क्रमांक 09/2026 के तहत एक महिला की आत्महत्या के मामले की जांच की जा रही थी। मृतिका (26) ग्राम सेमीजोर की निवासी थी, जिसने 6 फरवरी की दोपहर अपने घर के रसोई कक्ष में गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए फोर्टिस अस्पताल उर्जानगर तमनार ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा, घटनास्थल निरीक्षण और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मृतिका के परिजनों ने पुलिस को महिला द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट और मोबाइल में सुरक्षित एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपा। साक्ष्यों की जांच में सामने आया कि गांव का महेन्द्र गुप्ता महिला और एक युवक के बीच हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग अपने पास रखकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था और गलत कार्यों के लिए दबाव बना रहा था। लगातार मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। उनके मार्गदर्शन में 9 मार्च को थाना तमनार में अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 108 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी महेन्द्र गुप्ता (31) निवासी ग्राम सेमीजोर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। मामले के खुलासे में थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद राठिया, आरक्षक अनूप कुजूर, पुरुषोत्तम सिदार, रंजीत भगत और पुष्पेन्द्र सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार का मानसिक उत्पीड़न या अपराध गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस त्वरित और सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे अपराध करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!