उरला में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260316-WA1010


चंद घंटों में पुलिस ने सुलझाया मामला, चोरी का मोबाइल और नगदी बरामद

रायपुर । रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत थाना उरला पुलिस ने चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन और नगदी रकम भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी दिनेश शर्मा ने थाना उरला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह उरला क्षेत्र में रहता है। 15 मार्च की रात से 16 मार्च के बीच वह अपने घर में ताला लगाकर सो गया था। रात में जब वह अपने बेटे को देखने के लिए उठा तो देखा कि घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है और कमरे में रखा मोबाइल फोन तथा नगदी गायब है। किसी अज्ञात चोर ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

शिकायत के आधार पर थाना उरला में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 95/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(ए) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा तथा थाना प्रभारी उरला को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना उरला पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई तथा मुखबिरों की सहायता से संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला, जिसके आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उरला निवासी अमन ताम्रकार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी श्रवण विश्वकर्मा उर्फ चोटाई के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने श्रवण विश्वकर्मा उर्फ चोटाई को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक मोबाइल फोन और नगदी रकम जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!