‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर 1.25 करोड़ की ठगी, मुख्य आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार
ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत कार्रवाई, 58 लाख रुपये पीड़ित को लौटाए गए, बाकी रकम बैंक खातों में होल्ड
रायपुर । रायपुर रेंज पुलिस द्वारा साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए डिजिटल अरेस्ट के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामले में पीड़ित को 58 लाख रुपये वापस दिला दिए हैं, जबकि शेष पूरी राशि को आरोपियों के विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कर दिया गया है।
रेंज पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और ठगी की रकम को चिन्हित कर उसे होल्ड करने की कार्रवाई की।
मुंबई क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर दिया झांसा
पुलिस के अनुसार प्रार्थी सपन कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल करने वाले लोगों ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और उसके क्रेडिट कार्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नाम आने की बात कहकर उसे भयभीत किया। इसके बाद आरोपियों ने उसे 24 घंटे व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर जुड़े रहने के लिए मजबूर किया और कथित “डिजिटल अरेस्ट” में रखते हुए उससे करीब 1.25 करोड़ रुपये की ठगी कर ली।
मामले में थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 22/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(D) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच से खुला नेटवर्क
पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान पुलिस ने पाया कि ठगी की रकम को कई चरणों में अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया था। साइबर टीम ने इन खातों को चिन्हित कर तत्काल प्रभाव से होल्ड कराया।
इसके बाद न्यायालय की प्रक्रिया के माध्यम से 58 लाख रुपये की राशि पीड़ित को वापस दिला दी गई, जबकि बाकी राशि भी आरोपियों से जुड़े बैंक खातों में होल्ड कर दी गई है, जिस पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हरियाणा से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी की पहचान सोमनाथ महतो के रूप में की। घटना के बाद वह लगातार अपना स्थान बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को दिल्ली और हरियाणा भेजा गया।
पुलिस टीम ने लगातार निगरानी और तकनीकी जानकारी के आधार पर गुड़गांव (हरियाणा) से आरोपी सोमनाथ महतो (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब इस साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या खुद को सरकारी अधिकारी बताकर पैसे मांगने वाले लोगों से सतर्क रहें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




