विदेशी मुद्रा के नाम पर 19.47 लाख की ठगी, पश्चिम बंगाल का आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260316-WA0585


टूर एंड ट्रैवल्स कारोबारी को बनाया शिकार, 4.50 लाख नगद और आईफोन जब्त; अन्य आरोपियों की तलाश जारी

रायपुर । रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस ने विदेशी मुद्रा के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने टूर एंड ट्रैवल्स व्यवसायी को झांसे में लेकर करीब 19.47 लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.50 लाख रुपये नगद और एक आईफोन जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार हरदीप सिंह होरा, निवासी गुरुनानक नगर तेलीबांधा, रायपुर ने थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह “ट्रैवल प्लानर” नाम से टूर एंड ट्रैवल्स का व्यवसाय संचालित करता है, जिसमें एयर टिकट, होटल बुकिंग और टूर पैकेज का काम किया जाता है।

होटल बुकिंग के बहाने रचा ठगी का जाल

प्रार्थी ने बताया कि 1 मार्च 2026 को शाम लगभग 5 बजे एक मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम हर्षित अग्रवाल बताया और अमेरिका तथा लंदन में होटल बुकिंग कराने की बात कही। इसके बाद प्रार्थी ने व्हाट्सएप के माध्यम से होटल के विकल्प भेज दिए।

आरोपी ने बाद में फिर कॉल कर प्रार्थी से बैंक खाता विवरण मांगा और अगले दिन भुगतान करने की बात कही। 2 मार्च 2026 को आरोपी ने प्रार्थी को तेलीबांधा स्थित करेंसी टॉवर के सातवें फ्लोर पर जेनेट को-वर्किंग स्पेस में बुलाया और संदेश भेजकर कहा कि वह 18,000 यूएस डॉलर और 2,000 जीबीपी लेकर आए, जहां उसका भाई रक्षित अग्रवाल भारतीय मुद्रा दे देगा।

बातचीत में उलझाकर लेकर भागे विदेशी मुद्रा

प्रार्थी निर्धारित समय पर करीब 2:40 बजे वहां पहुंचा और 18,000 यूएस डॉलर तथा 2,000 जीबीपी लेकर गया। वहां मौजूद व्यक्ति ने नोट गिनने की मशीन लाने का बहाना बनाकर केबिन से बाहर चला गया। इसी दौरान फोन पर बात कर रहा दूसरा आरोपी प्रार्थी को बातचीत में उलझाए रखा और मौका पाकर विदेशी मुद्रा लेकर फरार हो गया। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत लगभग 19 लाख 47 हजार 400 रुपये बताई गई है।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 103/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी जांच से हावड़ा में मिला आरोपी

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों और अन्य जानकारी को ट्रेस किया। जांच के दौरान एक आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के हावड़ा में मिलने पर पुलिस टीम वहां रवाना की गई।

4.50 लाख नगद और आईफोन बरामद

पुलिस टीम ने हावड़ा में दबिश देकर आरोपी प्रोसेनजित चक्रवर्ती (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 लाख 50 हजार रुपये नगद और घटना से संबंधित एक आईफोन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पहले भी ठगी के मामले में दर्ज है अपराध

पुलिस के अनुसार आरोपी प्रोसेनजित चक्रवर्ती, निवासी हावड़ा (पश्चिम बंगाल), के खिलाफ पहले भी मुंबई के बांद्रा थाना में ठगी का मामला दर्ज है। वहां उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 30/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316(5) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!