छत्तीसगढ़ पर्यटन को राष्ट्रीय पहचान दिलाने पहल, देशभर के टूर ऑपरेटरों ने देखी बस्तर-मैनपाट की झलक
फेम ट्रिप से प्रभावित हुए प्रतिनिधि, प्राकृतिक सौंदर्य, संस्कृति और आतिथ्य की सराहना
रायपुर । छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड द्वारा राज्य के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित फेम (FAM) ट्रिप में देशभर से आए टूर ऑपरेटरों और ट्रैवल एजेंट्स ने छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान प्रतिनिधियों ने बस्तर, मैनपाट और जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर को करीब से देखा और उसकी सराहना की।

फेम ट्रिप के तहत प्रतिनिधियों को चित्रकोट जलप्रपात ले जाया गया, जहां उन्होंने जलप्रपात की अद्भुत छटा का आनंद लिया। यहां बोटिंग की व्यवस्था ने उनके अनुभव को और रोमांचक बना दिया। साथ ही उन्होंने चित्रकोट स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन भी किए।
बस्तर की संस्कृति और इतिहास से हुए रूबरू
प्रतिनिधियों को बस्तर के पारंपरिक हाट-बाजारों में ले जाया गया, जहां उन्होंने स्थानीय जीवनशैली और जनजातीय संस्कृति को करीब से समझा। यहां पारंपरिक आयोजनों ने उन्हें खासा आकर्षित किया।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने ऐतिहासिक नगरी बारसूर का भ्रमण कर प्रसिद्ध बत्तीसा मंदिर और प्राचीन गणेश प्रतिमाओं का अवलोकन किया, जिससे राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक मिली।
अधिकारियों से मुलाकात, सुरक्षा और सुविधाओं पर चर्चा
भ्रमण के दौरान प्रतिनिधियों ने बस्तर संभाग के प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर पर्यटन विकास, सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं को लेकर चर्चा की। अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मैनपाट और जशपुर की खूबसूरती ने किया आकर्षित
प्रतिनिधियों को मैनपाट के प्राकृतिक स्थलों का भी भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने शांत वातावरण और हरियाली का अनुभव किया।
इसके अलावा कुनकुरी गिरजाघर, राजपुरी जलप्रपात तथा महुआ होमस्टे जैसे स्थलों का भ्रमण कर इको-टूरिज्म और ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं को जाना।
13 से 18 मार्च तक चल रही फेम ट्रिप
यह फेम ट्रिप 13 से 18 मार्च तक आयोजित की जा रही है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 28 टूर ऑपरेटर और ट्रैवल एजेंट्स शामिल हैं। प्रतिनिधियों को दो समूहों में बांटकर राज्य के उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जा रहा है।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में और पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा तथा प्रबंध संचालक विवेक आचार्य के नेतृत्व में राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विविधता और यहां के आत्मीय आतिथ्य की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने-अपने राज्यों में छत्तीसगढ़ को एक आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में प्रचारित करेंगे।
फेम ट्रिप का समापन 18 मार्च को रायपुर में होगा, जहां प्रतिनिधियों को राज्य की पर्यटन संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी जाएगी। उम्मीद है कि इस पहल से आने वाले समय में छत्तीसगढ़ पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




