ऊंचे ब्याज पर रकम देकर ग्रामीणों को प्रताड़ित करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 8 मोटरसाइकिल जब्त
रायगढ़ । जिले में ग्रामीणों को ऊंचे ब्याज पर पैसा देकर प्रताड़ित करने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम भकुर्रा निवासी चूड़ामणि गुप्ता को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 8 मोटरसाइकिल और हिसाब-किताब से जुड़ा रजिस्टर जब्त किया है। आरोपी ग्रामीणों से मोटरसाइकिल और अन्य कीमती सामान गिरवी रखकर 3 प्रतिशत मासिक ब्याज पर रकम देता था और बाद में उन्हें प्रताड़ित करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम भकुर्रा में एक व्यक्ति के पास बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलें संदिग्ध रूप से रखी हुई हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ग्रामीणों को ऊंचे ब्याज पर रकम उधार देता था और बदले में उनकी मोटरसाइकिल, सोना-चांदी व अन्य कीमती सामान गिरवी रख लेता था। इसके अलावा समय पर रकम वापस न करने पर लोगों को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित भी करता था।
शिकायत के बाद खुला मामला
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब ग्राम भकुर्रा निवासी रामप्रसाद रतिया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी के चलते उन्होंने वर्ष 2024 में आरोपी से 12 हजार रुपये उधार लिए थे और इसके बदले अपनी मोटरसाइकिल गिरवी रखी थी। उन्होंने कई महीनों तक ब्याज चुकाया, लेकिन आरोपी लगातार मूलधन और ब्याज के लिए दबाव बनाते हुए उन्हें प्रताड़ित करता रहा।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, जिसमें आरोपी के पास से एक रजिस्टर मिला। इस रजिस्टर में कई ग्रामीणों के नाम, उधार दी गई रकम और गिरवी रखे गए सामान का विवरण दर्ज था। इससे स्पष्ट हुआ कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध गतिविधि में संलिप्त था।
कर्जा एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ ऋणियों के संरक्षण अधिनियम (कर्जा एक्ट) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। साथ ही जब्त की गई 8 मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने कितने लोगों को इस तरह से कर्ज देकर शोषण किया है।
एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे केवल बैंक और वैध वित्तीय संस्थाओं से ही ऋण लें। अवैध रूप से ऊंचे ब्याज पर पैसा देने वालों से सावधान रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। साथ ही यह कार्रवाई अवैध रूप से कर्ज देकर शोषण करने वालों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




