17 वर्षीय किशोर के अपहरण का खुलासा, आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार

0
IMG-20260406-WA1214


लैलूंगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, जंगल से सकुशल बरामद हुआ बालक; वाहन सहित आरोपी दबोचा गया

रायगढ़ थाना लैलूंगा क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया। इस कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई और पुलिस की सक्रियता की सराहना हो रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को पीड़ित बालक की मां ने थाना लैलूंगा में शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 2 अप्रैल की रात आरोपी राजेश गुप्ता (36 वर्ष), निवासी ग्राम टटकेला, शराब के नशे में उनके घर में घुस गया और बालक को जबरन अपने साथ ले गया। विरोध करने पर आरोपी ने धमकी दी कि “इसको ले जा रहा हूं, इसका पिता 10 हजार रुपये लेकर आएगा” और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

इतना ही नहीं, जब परिजन थाना रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहे थे, तब आरोपी ने रास्ते में उनकी गाड़ियों को टक्कर मारकर दुर्घटना करने का प्रयास किया और फरार हो गया। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव एवं सहायक उप निरीक्षक राजेश दर्शन के नेतृत्व में टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए किशोर की तलाश शुरू की।

पुलिस ने ग्राम कुंजारा और सारसमाल के बीच से अपहृत बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया। वहीं जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को उसके TUV वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपहरण जैसे गंभीर मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!