बिलासपुर में ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर बड़ी कार्रवाई: कार में बैठकर IPL पर सट्टा खिला रहे 3 आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260406-WA1541

बिलासपुर। शहर में चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कार के अंदर बैठकर मोबाइल के माध्यम से आईपीएल मैचों पर हार-जीत का दांव लगा रहे थे। पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल और कार सहित करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन के मार्गदर्शन में थाना सिरगिट्टी पुलिस एवं एसीसीयू टीम द्वारा सट्टा गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गुम्बर पेट्रोल पंप के पास एक सफेद रंग की क्रेटा कार (CG10BD8888) में तीन व्यक्ति मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं।

सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर पुलिस टीम ने वाहन को पकड़ लिया। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल में व्हाट्सएप के माध्यम से क्रिकेट सट्टा खिलाने के प्रमाण मिले। पूछताछ में आरोपियों ने सट्टा संचालन की बात स्वीकार कर ली।

NTPC World Environment Day

गिरफ्तार आरोपियों में रामेश्वर गुप्ता उर्फ दउवा (40 वर्ष), निवासी गनियारी थाना कोटा, दीपचंद सोनकर उर्फ चिंटू (32 वर्ष), निवासी देवरी खुर्द थाना तोरवा तथा सीताराम साहू (36 वर्ष), निवासी सिरगिट्टी शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 1 हजार 300 रुपये नगद, 4 मोबाइल फोन और एक क्रेटा कार (कीमत लगभग 10 लाख रुपये) जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अन्य थाना क्षेत्रों में भी सट्टा संचालन से जुड़े इनपुट मिले हैं, जिनकी जांच जारी है। तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 7(2) एवं 112 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!