भाजपा स्थापना दिवस पर मुंगेली में ‘बूथ चलो’ और ‘गांव चलो-घर चलो’ अभियान की शुरुआत, युवाओं से सीधा संवाद

0
Screenshot_20260411_085726

मुंगेली। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश आवाहन पर मुंगेली नगर मंडल में ‘बूथ चलो अभियान’ एवं ‘गांव चलो-घर चलो अभियान’ की शुरुआत उत्साह और जोश के साथ की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है।

अभियान के तहत युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने नगर के ज्ञान वाटिका लाइब्रेरी एवं सिटी लाइब्रेरी पहुंचकर विद्यार्थियों और युवाओं से मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों के साथ सार्थक संवाद स्थापित किया और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। युवाओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना, नल-जल योजना, महतारी वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से आम जनता के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हो रहा है। किसानों के हित में लागू 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और एकमुश्त भुगतान जैसी योजनाओं को भी लाभकारी बताया गया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राकेश साहू ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता जनसेवा की भावना से कार्य करता है। उन्होंने कहा कि “बूथ चलो” और “गांव चलो-घर चलो” अभियान केवल संगठनात्मक गतिविधि नहीं, बल्कि यह जनता से सीधे जुड़ने और उनकी समस्याओं को समझने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर योजनाओं की जानकारी दें और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

राकेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। बूथ स्तर तक मजबूत संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और इसी के माध्यम से ‘विकसित भारत’ का सपना साकार होगा।

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। इस दौरान राजेश्वर सिंह टंडन, राजीव सिंह, नगर अध्यक्ष वासुदेव देवांगन, राजहंस तंबोली, संदीप ठाकुर, हरीश यादव, दीपक सोनकर, आदर्श जायसवाल, घनश्याम यादव, रवि साहू, प्रिंस देवांगन, कौशल साहू, आदर्श गुप्ता, श्याम सोनी, नवीन बैश सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाएंगे और आम जनता को योजनाओं के प्रति जागरूक कर समाज के समग्र विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!