भिलाई इस्पात संयंत्र में डिजिटल प्रोजेक्ट मैनेजमेंट सॉल्यूशन पर प्रशिक्षण, परियोजना प्रबंधन को मिलेगी नई गति

0
karya-2IPIU

भिलाई । सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अंतर्गत भिलाई इस्पात संयंत्र में परियोजनाओं के प्रभावी प्रबंधन एवं निगरानी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से डिजिटल प्रोजेक्ट मैनेजमेंट सॉल्यूशन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेक्टर-7 स्थित बीएमडीसी में आयोजित इस प्रशिक्षण में संयंत्र के विभिन्न विभागों से 25 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

इंडेंटिंग प्रक्रिया से अनुबंध समापन तक दी गई विस्तृत जानकारी
प्रशिक्षण का मुख्य फोकस इंडेंटिंग विभागों की भूमिका पर केंद्रित रहा। इसमें इंडेंट प्रोसेसिंग यूनिट की शुरुआत से लेकर स्टेज-1 एवं स्टेज-2 अनुमोदन, अनुबंध प्रदान, निष्पादन, कमीशनिंग और अनुबंध समापन तक की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। प्रतिभागियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण, डायरेक्टरी निर्माण, कंसल्टेंट असाइनमेंट, एमजेप्रो (mJPro) के साथ इंटरफेसिंग तथा विभिन्न अनुमोदन प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।

उद्घाटन सत्र में विशेषज्ञों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) पी. के. सरकार की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रोजेक्ट मैनेजमेंट सॉल्यूशन के सफल क्रियान्वयन के लिए शॉप्स, कंसल्टेंट एवं कॉन्ट्रैक्टर सहित सभी हितधारकों का समन्वित प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा पर बल दिया।

मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएं) एम. के. गुप्ता ने बताया कि यह डिजिटल प्रणाली परियोजनाओं की निगरानी के लिए एक एकीकृत मंच प्रदान करती है, जिसमें महत्वपूर्ण गतिविधियों और संभावित बाधाओं के लिए अलर्ट जनरेशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

वहीं, मुख्य महाप्रबंधक अनुराग उपाध्याय ने परियोजना योजना, निष्पादन एवं वाणिज्यिक पहलुओं के समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को निर्धारित समय और लागत के भीतर पूरा करना अत्यंत आवश्यक है।

मुख्य महाप्रबंधक उन्मेष भारद्वाज ने डेटा आधारित निगरानी और नियमित समीक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि इस प्रणाली के क्रियान्वयन के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र को नोडल इकाई नामित किया गया है।

सफल संचालन और सहभागिता
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक (परियोजनाएं) अंकिता मोहनिया द्वारा किया गया। प्रशिक्षण का क्रियान्वयन उप महाप्रबंधक पुनीत वर्मा एवं सहायक महाप्रबंधक जया तिवारी ने किया, जिसमें आकाश मेश्राम, चित्रांशी पटेल एवं प्रतीक शर्मा की सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम की पृष्ठभूमि महाप्रबंधक राधिका श्रीनिवासन द्वारा प्रस्तुत की गई, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जया तिवारी ने किया।

समापन सत्र में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
सांयकालीन समापन सत्र में मुख्य महाप्रबंधक (प्लेट मिल) कार्तिकेय बेहेरा, मुख्य महाप्रबंधक (कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग) तुलाराम बेहेरा एवं मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएं) एम. के. गुप्ता उपस्थित रहे।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को डिजिटल प्रोजेक्ट मैनेजमेंट सॉल्यूशन की प्रक्रियाओं की समग्र एवं व्यावहारिक समझ प्राप्त हुई। साथ ही, मानकीकृत एवं दक्ष परियोजना प्रबंधन पद्धतियों को अपनाने की दिशा में संयंत्र को एक सशक्त आधार मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!