दो दशक बाद भिलाई इस्पात संयंत्र में स्कूल-स्तरीय सेफ्टी क्विज पुनः शुरू, 500 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

0
-1YB62

भिलाई । सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई इस्पात संयंत्र में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्कूल-स्तरीय सेफ्टी क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता दो दशक से अधिक समय के अंतराल के बाद पुनः प्रारंभ की गई है।

सेक्टर-10 स्थित बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के लगभग 500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा कोरस एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई।

सुरक्षा से जुड़े विविध विषयों पर हुई प्रतियोगिता
क्विज प्रतियोगिता में अग्नि सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, कार्यस्थल सुरक्षा, एर्गोनॉमिक्स, विद्युत सुरक्षा तथा पर्यावरण जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षा के विभिन्न आयामों से अवगत कराया गया।

विशेष अतिथियों ने दिया मार्गदर्शन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) देबदत्त सत्पथी उपस्थित रहे। उनके साथ महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) एस. के. अग्रवाल एवं महाप्रबंधक (शिक्षा) शिखा दुबे भी मौजूद रहीं। विद्यालय की प्राचार्य सुमिता सरकार की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।

अपने संबोधन में देबदत्त सत्पथी ने दो दशक बाद इस आयोजन के पुनरारंभ पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सुरक्षा केवल औद्योगिक परिसरों तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने और सुरक्षा को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।

एस. के. अग्रवाल ने कहा कि सुरक्षा को केवल नियमों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे व्यक्तिगत आदत के रूप में विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय, सड़क, घर और डिजिटल माध्यम—इन चार प्रमुख क्षेत्रों में सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया।

प्राचार्य सुमिता सरकार ने अपने संबोधन में कहा कि सुरक्षा को अक्सर दुर्घटनाओं के बाद ही गंभीरता से लिया जाता है, जबकि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से डिजिटल सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को सजग रहने की सलाह दी।

समन्वित प्रयासों से सफल आयोजन
कार्यक्रम का समन्वय सहायक महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) अजय टल्लू, उप-प्रबंधक अरिजीत रॉय, सहायक प्रबंधक अखिल मिश्रा तथा जूनियर इंजीनियरिंग एसोसिएट लक्ष्मी देवांगन द्वारा किया गया। मंच संचालन वरिष्ठ व्याख्याता आर. सिसिली दिनकर ने किया।

विद्यालय के समस्त स्टाफ ने प्राचार्य के नेतृत्व में कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह आयोजन सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग एवं शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों तथा कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

दो दशक के लंबे अंतराल के बाद आयोजित इस सेफ्टी क्विज ने विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति नई जागरूकता जगाने के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!