रायपुर में ‘जन-आक्रोश महिला पदयात्रा’ में शामिल हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, नारी सशक्तिकरण पर दिया जोर

0
IMG-20260420-WA0939

रायपुर। महिलाओं के अधिकार और सशक्तिकरण को लेकर आयोजित ‘जन-आक्रोश महिला पदयात्रा’ में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने सहभागिता कर व्यापक जनजागरूकता का संदेश दिया।

यह पदयात्रा रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से प्रारंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति की भागीदारी रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साहू ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह महिलाओं को लोकसभा एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर निर्णय प्रक्रिया में उनकी सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम केवल विधायी प्रावधान नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने का माध्यम है।

उन्होंने कुछ राजनीतिक दलों द्वारा इस विषय पर किए जा रहे विरोध पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकार और सम्मान जैसे मुद्दों पर राजनीति से ऊपर उठकर निर्णय लिया जाना चाहिए।

श्री साहू ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश की माताएं और बहनें सजग हैं और वे अपने अधिकारों एवं सम्मान के पक्ष में सही निर्णय लेंगी।

उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि एक समावेशी और सशक्त समाज का निर्माण हो सके।

जनदर्शन में समस्याओं के त्वरित निराकरण पर जोर
इससे पूर्व श्री साहू ने अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर स्थित कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आमजन से सीधे संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं एवं सुझाव गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!