खबर का असर : अवैध उत्खनन पर प्रशासन सख्त, पोकलेन व 3 हाइवा जब्त

0
IMG-20260421-WA0046

मुंगेली। जिले में अवैध उत्खनन को लेकर लगातार उठ रहे सवालों और जनआक्रोश के बीच आखिरकार प्रशासन हरकत में आया है। “खबर का असर” के तहत राजस्व एवं माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम अमरटापू क्षेत्र में दबिश देकर अवैध खनन में लगे एक पोकलेन मशीन और तीन हाइवा वाहनों को जब्त किया है।

गौरतलब है कि जिले में खनिज विभाग की उदासीनता को लेकर लंबे समय से शिकायतें सामने आ रही थीं। रेत, गिट्टी और मिट्टी के अवैध उत्खनन के साथ-साथ अब नदी के बीचों-बीच भारी मशीनों से खनन किए जाने के मामले भी उजागर हो रहे थे। स्थानीय स्तर पर यह आरोप भी लग रहे थे कि विभागीय निष्क्रियता और कथित मिलीभगत के चलते कार्रवाई प्रभावी नहीं हो पा रही थी।

इसी बीच प्रशासनिक स्तर पर बढ़ते दबाव और शिकायतों के बाद कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध उत्खनन कार्य को तत्काल बंद कराया और संबंधित मशीनरी को जब्त कर लिया।

कार्रवाई के दौरान मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज सहित राजस्व और माइनिंग विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। जब्त किए गए वाहनों के संचालकों के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जनदबाव के बाद जागा प्रशासन
सूत्रों के अनुसार, जिले में अवैध उत्खनन को लेकर आमजन में नाराजगी बढ़ती जा रही थी। यहां तक कि जनदर्शन के दौरान आंदोलन और विरोध की रणनीति भी बनाई जा रही थी। ऐसे में प्रशासन की यह कार्रवाई सीधे तौर पर जनदबाव और लगातार उठ रहे सवालों का परिणाम मानी जा रही है।

अब भी बनी हुई है चुनौती
हालांकि प्रशासन ने सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है, लेकिन जिले में अवैध उत्खनन पूरी तरह थम पाएगा या नहीं, यह अभी बड़ा सवाल बना हुआ है। विशेषकर नदी क्षेत्रों में एनजीटी के नियमों की अनदेखी कर चल रहे खनन पर स्थायी रोक लगाने के लिए निरंतर और कड़ी निगरानी की आवश्यकता बताई जा रही है।

फिलहाल, इस कार्रवाई के बाद यह उम्मीद जरूर जगी है कि जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ अभियान तेज होगा और जिम्मेदारों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!