छत्तीसगढ़ में तपिश चरम पर, 45 डिग्री तक पहुंचने के आसार; लू और वज्रपात की चेतावनी
रायपुर । छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है और आने वाले दिनों में हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है, वहीं न्यूनतम तापमान भी 28.3 डिग्री तक पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को तापमान 45 डिग्री के आसपास रहने और लू चलने की प्रबल संभावना है। प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, हालांकि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। बावजूद इसके गर्मी से राहत मिलने के आसार कम ही नजर आ रहे हैं।
तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटा) के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है। मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले तीन दिनों तक लू जैसी स्थिति बनी रहने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री और बिलासपुर में 44.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री रहा।
इसके अलावा माना एयरपोर्ट में 43.8, दुर्ग में 43.9 और पेण्ड्रारोड में 42.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। जगदलपुर अपेक्षाकृत ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री दर्ज हुआ। पूरे प्रदेश में उमस और गर्मी का असर लोगों को परेशान कर रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाले कई सिस्टम सक्रिय हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और मध्य प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में समुद्री नमी पहुंच रही है। अगले तीन दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, इसके बाद 1 से 3 डिग्री तक गिरावट की संभावना जताई गई है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
