सशक्त नारी, समृद्ध परिवार: महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आत्मनिर्भरता का संबल
रायपुर । राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं प्रदेश की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और उद्यमशीलता को भी नई दिशा दे रही है।
यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देने का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में हजारों महिलाएं इस योजना से प्राप्त राशि का उपयोग छोटे-छोटे व्यवसायों को शुरू करने और उन्हें आगे बढ़ाने में कर रही हैं।
सरगुजा जिले के अंबिकापुर विकासखंड की ग्राम पंचायत थोर की शांतिपारा निवासी श्रीमती दुर्गा इसका एक उदाहरण हैं। लंबे समय से चूड़ी व्यवसाय से जुड़ी दुर्गा को पहले पूंजी की कमी के कारण कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली 1,000 रुपये की सहायता ने उनके व्यवसाय को मजबूती दी है।
अब वे इस राशि का उपयोग अपने व्यवसाय की पूंजी बढ़ाने के साथ-साथ परिवार के दैनिक खर्चों में भी कर रही हैं। चार बच्चों की परवरिश करते हुए दुर्गा न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी मजबूत कदम बढ़ा रही हैं।
प्रदेशभर में इस योजना के माध्यम से महिलाएं छोटे उद्यमों, घरेलू व्यवसायों और आजीविका गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। इससे न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर हो रही है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। महतारी वंदन योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है, जो उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित कर रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
