सुशासन तिहार से समस्याओं का हो रहा त्वरित समाधान
रायपुर । राज्य में इन दिनों सुशासन तिहार का असर जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें राहत प्रदान कर रहा है। सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से शासन स्वयं लोगों के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याओं, मांगों और आवश्यकताओं का त्वरित एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित कर रहा है। इससे आम नागरिकों में न केवल संतोष का भाव बढ़ा है, बल्कि शासन के प्रति विश्वास भी और अधिक मजबूत हुआ है।
कोरबा के ग्राम जेंजरा निवासी कृषक प्रकाश सिंह गोंड के जीवन में भी सुशासन तिहार नई उम्मीद लेकर आया है। मेहनतकश किसान श्री गोंड अपने परिवार के साथ चार-पांच एकड़ भूमि में खेती करते हैं। सीमित संसाधनों के बीच वे वर्षों से पारंपरिक रूप से धान की खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। उनके दो बच्चे हैं और खेती ही परिवार की आय का मुख्य स्रोत है।
सुशासन तिहार के अंतर्गत धनरास में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में खेतों की सिंचाई के लिए उनकी मांग पर उन्हें 2 एचपी का मोटर पंप प्रदान किया गया। इससे वे ज्यादा आत्मविश्वास और आसानी से खेती कर सकेंगे। सिंचाई की सुविधा मिलने से उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। प्रकाश सिंह गोंड कहते हैं कि शासन की इस पहल से किसानों को वास्तविक राहत मिल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं अब सीधे गांव और किसानों तक पहुंच रही हैं, जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिल रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
