जरहागांव में अवैध शराब पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 9 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, इलाके में मचा हड़कंप

0
IMG_20260514_115826_981

मुंगेली/जरहागांव । नगर पंचायत जरहागांव में अवैध शराब बिक्री को लेकर लगातार उठ रहे सवालों और जनप्रतिनिधियों के विरोध के बीच अब पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। थाना जरहागांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में दबिश देकर 9 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जरहागांव क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की लगातार मिल रही शिकायतों पर कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ओमप्रकाश कश्यप, सुमित कश्यप, दीपक साहू, दीनदयाल कश्यप, धर्मेंद्र कश्यप, लोरिक यादव, पुष्पेंद्र कुमार उर्फ सोनू साहू, विकास कश्यप और विनोद कश्यप को हिरासत में लिया। सभी आरोपी नगर पंचायत जरहागांव के निवासी बताए गए हैं।

NTPC World Environment Day

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए धारा 126 एवं 135(3) के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति भंग होने और अवैध गतिविधियों के बढ़ने की आशंका को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।

गौरतलब है कि हाल ही में नगर पंचायत जरहागांव के जनप्रतिनिधियों ने भी अवैध शराब बिक्री को लेकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा था। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया था कि क्षेत्र में खुलेआम अवैध शराब बिक रही है, जिससे सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।

इधर पुलिस की ताजा कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि लगातार इसी तरह कार्रवाई होती रही तो क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाया जा सकता है।

मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, नशा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण कायम रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!