रायपुर में एमडीएम ड्रग्स के साथ युवक गिरफ्तार
गुढ़ियारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार में ग्राहक तलाश रहा था आरोपी
2.69 ग्राम एमडीएम, कार और मोबाइल जब्त, ढाई लाख रुपए का मशरूका बरामद
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को एमडीएम ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.69 ग्राम एमडीएम ड्रग्स, एक चारपहिया वाहन और मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर ड्रग्स नेटवर्क के अन्य कड़ियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
ग्राहक की तलाश में कार में बैठा था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में सभी थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और अवैध रूप से नशे का कारोबार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी दौरान 23 मई 2026 को गुढ़ियारी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कलिंग नगर स्थित सीएसईबी मैदान के पास एक युवक चारपहिया वाहन में बैठकर एमडीएम ड्रग्स लेकर ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के निर्देश पर गुढ़ियारी थाना पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हुई।
घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की। जांच के दौरान वाहन में मौजूद युवक से पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम शशांक तांडेकर निवासी गुढ़ियारी रायपुर बताया। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास से एमडीएम ड्रग्स बरामद हुआ।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 2.69 ग्राम एमडीएम ड्रग्स, एक कार और मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस ने जब्त सामान की कुल कीमत लगभग ढाई लाख रुपए बताई है।
नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज
गुढ़ियारी थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 220/26 के तहत धारा 22(बी) नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर एंड-टू-एंड जांच की जाएगी। आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि ड्रग्स कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी।
नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती
रायपुर पुलिस द्वारा लगातार नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
आरोपी का विवरण
गिरफ्तार आरोपी शशांक तांडेकर पिता बाबूलाल तांडेकर उम्र 28 वर्ष निवासी आदर्श नगर गली नंबर 03, पहाड़ी चौक, गुढ़ियारी थाना क्षेत्र रायपुर का रहने वाला है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
