ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 1.90 लाख रुपये का सामान जब्त
एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की कार्रवाई, मोबाइल के जरिए चला रहा था सट्टा कारोबार
रायपुर । राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, नकदी और दोपहिया वाहन सहित करीब 1.90 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना प्राप्त हुई थी कि पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कंकाली तालाब के पास एक व्यक्ति दोपहिया वाहन में बैठकर मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजू देवांगन निवासी रायपुर बताया।
मोबाइल जांच में खुला सट्टे का खेल
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के मोबाइल फोन की जांच करने पर पता चला कि वह Uncle777.com और Annapoorna Book नामक ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा प्लेटफॉर्म की लिंक आईडी के माध्यम से सट्टा संचालित कर रहा था। आरोपी ऑनलाइन माध्यम से क्रिकेट मैचों पर दांव लगवाने और लेन-देन का काम कर रहा था।
नकदी, मोबाइल और वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपी राजू देवांगन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 1 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 238/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 8 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। विस्तृत पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
राजू देवांगन (37 वर्ष)
पिता – छोटूराम देवांगन
निवासी – आदर्श नगर, कुशालपुर, थाना पुरानी बस्ती, जिला रायपुर
पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
