मिजोरम दौरे पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने आवास, स्वास्थ्य और जल परियोजनाओं का लिया जायजा

0
Screenshot_20260530_131917

प्रधानमंत्री आवास, जिला अस्पताल, आंगनबाड़ी केंद्र और जल सुरक्षा योजनाओं का किया निरीक्षण

नई दिल्ली/चम्फाई (मिजोरम) । केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपने दो दिवसीय मिजोरम दौरे के दूसरे दिन चम्फाई जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं का व्यापक निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वास्थ्य सेवाओं, महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं, पुनर्वास केंद्रों तथा जल सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित तीन आवासों का निरीक्षण किया और हितग्राहियों से सीधा संवाद कर योजना के प्रभाव की जानकारी ली। उन्होंने जोटे ग्राम परिषद के सदस्यों से भी मुलाकात कर क्षेत्र के विकास संबंधी सुझाव प्राप्त किए। ग्रामीणों और हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनहितकारी योजनाओं की सराहना करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

तोखन साहू ने चम्फाई जिला अस्पताल का निरीक्षण कर ओपीडी एवं आईपीडी मरीजों, चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ से चर्चा की। उन्होंने युवाओं को नशा और मादक पदार्थों से दूर रहकर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया।

NTPC World Environment Day

अस्पताल में उपलब्ध 125 बिस्तरों की सुविधा, 65 से 70 प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी, आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार, डिजिटल मरीज रिकॉर्ड और एबीडीएम आधारित स्वास्थ्य प्रबंधन प्रणाली की उन्होंने सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना केंद्र सरकार की प्राथमिकता है।

आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों और माताओं से की चर्चा

खारवट गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बच्चों, माताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने बच्चों के पोषण स्तर, टीकाकरण रिकॉर्ड और केंद्र की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।

माताओं ने स्वास्थ्य सेवाओं, पूरक पोषण कार्यक्रम और टीकाकरण सुविधाओं को लेकर सकारात्मक अनुभव साझा किए। मंत्री ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच और पूर्ण टीकाकरण उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है। उन्होंने स्वस्थ और सुपोषित भारत के निर्माण के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

शक्ति सदन में पुनर्वास व्यवस्थाओं की समीक्षा

दौरे के दौरान उन्होंने शक्ति सदन का भी भ्रमण किया, जहां संकटग्रस्त महिलाओं और बच्चों के पुनर्वास की व्यवस्था की जाती है। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान महिलाओं और बच्चों को आत्मविश्वास, सम्मान और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जल सुरक्षा परियोजना का भी किया निरीक्षण

केंद्रीय मंत्री ने चम्फाई शहर की जल सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए कियेलुंगलियाह डैम का निरीक्षण किया। उन्होंने जल भंडारण क्षमता और शहर को सतत जल आपूर्ति में इसकी भूमिका की जानकारी ली।

अधिकारियों ने बताया कि उपयोग किए गए जल के उपचार के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण और बेहतर जल प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा।

विधायक से विकास कार्यों पर हुई चर्चा

चम्फाई दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक क्लेमेंट लालमिंगथांगा ने केंद्रीय मंत्री से सौजन्य मुलाकात कर क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में आधारभूत संरचना, जनसुविधाओं और सामुदायिक विकास से संबंधित विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

पूर्वोत्तर के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता

अपने दौरे के समापन पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों का समग्र विकास केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उनका यह दौरा आधुनिक शहरी अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं, महिला एवं बाल कल्याण तथा जल सुरक्षा के क्षेत्र में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!