विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में नागपुर मंडल द्वारा हरित एवं सतत रेलवे संचालन हेतु विशेष जागरूकता अभियान।
दपूमरे, नागपुर मंडल । विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में 29 एवं 30 मई 2026 को “हरित एवं सतत रेलवे संचालन” विषय पर विभिन्न पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाना तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं हरित बनाना है।
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। रेलवे द्वारा हरित एवं सतत विकास की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिनमें ऊर्जा संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण तथा हरित क्षेत्रों के विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अभियान के अंतर्गत रेलवे कॉलोनियों में सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के बीच गहरे संबंध को ध्यान में रखते हुए शारीरिक फिटनेस एवं आउटडोर गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्वच्छ वायु एवं हरित क्षेत्रों के महत्व पर आधारित स्वास्थ्य जागरूकता अभियान भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे स्वस्थ जीवनशैली के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूकता बढ़े।
अभियान के दौरान ई-वेस्ट के दुष्प्रभावों तथा उसके उचित संग्रहण, निपटान एवं पुनर्चक्रण के संबंध में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त कपड़े एवं जूट के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने, डिजिटल टिकटिंग को प्रोत्साहित करने तथा कागज के उपयोग में कमी लाने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
इसी क्रम में नागपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को पेपरलेस टिकटिंग अपनाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। रेलकर्मियों द्वारा यात्रियों को यूटीएस मोबाइल ऐप एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से टिकट बुकिंग की जानकारी दी जा रही है तथा डिजिटल टिकटों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य कागज की खपत में कमी लाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा यात्रियों को सुविधाजनक एवं आधुनिक टिकटिंग व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
साथ ही रेलवे परिसरों में स्थापित बायो-टॉयलेट्स एवं अपशिष्ट प्रबंधन प्रणालियों का निरीक्षण कर उनकी कार्यक्षमता का आकलन किया जा रहा है तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल रेलवे व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा सके।
नागपुर मंडल द्वारा आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों, यात्रियों एवं आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर एक स्वच्छ, हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
