ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 98 प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन के साथ तस्कर गिरफ्तार

0
IMG-20260530-WA0770

ओडिशा से लाकर रायगढ़ में खपाने की थी तैयारी, एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजा गया जेल

रायगढ़ । जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। चक्रधरनगर थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 98 नग नशीली इंजेक्शन जब्त की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 29 मई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मरीन ड्राइव स्थित रोजगार कार्यालय के पास एक युवक भारी मात्रा में नशीली इंजेक्शन बिक्री के उद्देश्य से लेकर बैठा हुआ है।

सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चक्रधरनगर थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने पंजरी प्लांट मरीन ड्राइव क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस जवानों ने उसे तत्काल पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनीष डंडरिया (22 वर्ष) निवासी नवधा चौक, गंगानगर, थाना बृजराजनगर जिला झारसुगुड़ा (ओडिशा) तथा वर्तमान में किरोड़ीमलनगर क्षेत्र में निवासरत होना बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखे प्लास्टिक थैले से 98 नग प्रतिबंधित NRX Pentazocine Lactate Injection (Zoxifix) बरामद किए गए। जब्त इंजेक्शनों की अनुमानित कीमत 5 हजार 953 रुपये 25 पैसे बताई गई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह उक्त इंजेक्शनों को बिक्री के उद्देश्य से रायगढ़ लाया था। हालांकि इंजेक्शन रखने और बेचने संबंधी कोई वैध दस्तावेज, लाइसेंस अथवा अनुमति पत्र वह प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर विधिवत जब्ती कार्रवाई की और आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी को प्रतिबंधित इंजेक्शन कहां से प्राप्त हुए तथा इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, सहायक उप निरीक्षक भागीरथी चौहान, प्रधान आरक्षक एन. बालचंद मोहन राव, रूपराम पटेल सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा : एसएसपी

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले अपराधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रतिबंधित नशीले पदार्थों और इंजेक्शनों की तस्करी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी ऐसे अपराधों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!