विवाहेत्तर प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, सकरी पुलिस ने घंटों में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस

0
IMG-20260531-WA0792

पत्नी से संबंध तोड़ने को लेकर हुआ विवाद, पति और नाबालिग बेटे ने मिलकर युवक की गला घोंटकर कर दी हत्या

बिलासपुर/सकरी। सकरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां विवाहेत्तर प्रेम संबंध एक युवक की मौत का कारण बन गया। पुलिस ने हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सकरी पुलिस ने अपराध दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक दावेन्द्र कुमार बघेल (30) निवासी ग्राम राम्हेपुर, थाना लोरमी, जिला मुंगेली 30 मई 2026 की सुबह अपने घर से मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 28 यू 9811 से निकला था। दोपहर करीब 3 बजे मृतक के भाई जितेन्द्र कुमार बघेल को सूचना मिली कि दावेन्द्र सकरी थाना क्षेत्र के सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक मकान में बंद है और उसके साथ मारपीट की जा रही है।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मकान के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। घर के पीछे से खिड़की के रास्ते ऊपर कमरे में पहुंचने पर दावेन्द्र का शव बेड के पास जमीन पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने पर सकरी पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 496/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

प्रेम संबंध से शुरू हुआ विवाद

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक दावेन्द्र कुमार बघेल का आरोपी शिव कामले की पत्नी रीना कामले से पिछले लगभग दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात एक पारिवारिक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच लगातार संपर्क बना रहा।

करीब एक माह पूर्व शिव कामले को इस संबंध की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी को मृतक से संबंध रखने से मना किया और उसका सिम कार्ड भी तोड़ दिया था। इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था।

सिम देने पहुंचा था मृतक

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 30 मई को दावेन्द्र रीना कामले को नया सिम कार्ड देने के लिए सैदा स्थित उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान शिव कामले ने उसे देख लिया। इसके बाद उसने अपने विधि से संघर्षरत पुत्र की मदद से दावेन्द्र को घर के अंदर बुलाया।

प्रारंभ में उसे समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन जब वह रीना से संबंध समाप्त करने के लिए तैयार नहीं हुआ तो विवाद बढ़ गया।

सुतली और मोबाइल केबल से घोंटा गला

पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान शिव कामले और उसके पुत्र ने मिलकर दावेन्द्र के साथ मारपीट की। इसके बाद प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल चार्जिंग केबल से उसका गला घोंट दिया। गला दबाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद शव को कमरे में छोड़कर आरोपियों ने घर बंद कर दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।

स्कूल में प्रधान पाठक है मुख्य आरोपी

मुख्य आरोपी शिव कामले सहसपुर लोहारा विकासखंड के सिंगारपुर स्थित एक मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ बताया गया है। वह पिछले एक सप्ताह से अपने परिवार के साथ सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित मकान में रह रहा था।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश साहू ने विशेष टीम गठित की।

सकरी पुलिस की तत्परता से अपराध दर्ज होने के कुछ घंटों के भीतर ही आरोपी शिव कामले एवं विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने मामले के त्वरित खुलासे में थाना सकरी के समस्त स्टाफ की भूमिका को सराहनीय बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!