एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने गौतम अदाणी, संपत्ति 89 अरब डॉलर के पार: फोर्ब्स
नई दिल्ली । अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी की संपत्ति बढ़कर 89.2 अरब डॉलर हो गई, जो उन्हें एशिया में सबसे अमीर व्यक्ति बनाती है। यह जानकारी फोर्ब्स की रियल-टाइम बिलेनियर्स लिस्ट में दी गई थी। अदाणी के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 88 अरब डॉलर के साथ दूसरे और सॉफ्टबैंक के मासायोशी सोन 87 अरब डॉलर के साथ तीसरे स्थान पर है। सोन गुरुवार को जापानी निवेश फर्म के शेयरों में गिरावट से पहले एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति थे। गौतम अदाणी की संपत्ति का मुख्य स्त्रोत अदाणी समूह की कंपनियों में हिस्सेदारी है।
अदाणी समूह की छह कंपनियों का संयुक्त बाजार मूल्य लगभग शुक्रवार तक 191 अरब डॉलर था। इसमें अदाणी पावर 47.2 अरब डॉलर के मूल्यांकन के साथ शीर्ष पर था। इसके बाद अदाणी पोर्ट्स का मूल्यांकन 44.2 अरब डॉलर, अदाणी एंटरप्राइजेज का वैल्यूएशन 44 अरब डॉलर, अदाणी ग्रीन एनर्जी का मार्केट 26.4 अरब डॉलर, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस का वैल्यूएशन 19.9 अरब डॉलर और अदाणी टोटल गैस का मार्केट कैप 8.8 अरब डॉलर था। फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, गौतम अदाणी की संपत्ति में पिछले महीने अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट द्वारा अदाणी समूह के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों को खारिज करने के बाद से लगभग 10 अरब डॉलर की वृद्धि हुई है। ये आरोप सौर ऊर्जा आपूर्ति अनुबंधों को लेकर 250 मिलियन डॉलर के लेनदेन में समूह की भागीदारी के थे। हालांकि, अदाणी समूह ने इन दावों का खंडन किया था।
एशिया के सबसे धनी व्यक्ति के रूप में उनकी वापसी हाल के वर्षों में उनकी कंपनियों के मूल्यांकन में गिरावट के बाद हुई है, जो कई आरोपों के कारण हुई थी। अमेरिकी शॉर्ट-सेलर हिंडेनबर्ग रिसर्च ने 2023 में अदाणी पर स्टॉक में हेरफेर और व्यापक धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। हालांकि, भारतीय नियामकों ने पिछले साल इन दावों को खारिज कर दिया था और कहा था कि आरोप सिद्ध नहीं हुए। उन्हें अमेरिका में भी आरोपों का सामना करना पड़ा था, जो अब समाप्त हो चुके हैं। अरबपति उद्योगपति ने पिछले महीने शेयरधारकों को लिखे अपने वार्षिक पत्र में कहा कि अदाणी समूह अमेरिकी कानूनी चुनौतियों से उबर चुका है और ऊर्जा, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल बुनियादी ढांचे में निवेश बढ़ा रहा है, जिससे वह एआई आधारित विकास की बढ़ती मांग से लाभ उठाने के लिए तैयार है। उन्होंने समूह की प्रमुख कंपनी, अदाणी एंटरप्राइजेज के हालिया 24,930 करोड़ रुपए के राइट्स इश्यू की सफलता को निवेशकों का विश्वास बताया। यह ऐसे समय पर आया था, जब समूह शासन और नियामक मुद्दों पर सवालों का सामना कर रहा था।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

