पर्याप्त खाद उपलब्ध, भंडारण और वितरण पिछले वर्ष की तुलना में तेज
रायपुर । आगामी खरीफ सीजन के लिए बिलासपुर जिले में किसानों को रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने व्यापक स्तर पर भंडारण एवं वितरण की व्यवस्था की गई है। जिले में वर्तमान में 49 हजार 772 टन उर्वरकों का भंडारण उपलब्ध है, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में उपलब्ध 37 हजार 987 टन भंडारण की तुलना में लगभग 31 प्रतिशत अधिक है। किसानों की मांगों को देखते हुए शासन द्वारा पर्याप्त मात्रा में खाद का अग्रिम भंडारण किया गया है।

कृषि विभाग के उप संचालक पी.डी. हाथेश्वर ने बताया कि बिलासपुर जिले में खरीफ 2026 के लिए कुल 68 हजार 950 टन उर्वरक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 49 हजार 772 (65 प्रतिशत) उर्वरक उपलब्ध कराया जा चुका है। वहीं पिछले वर्ष इसी अवधि में लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धता 44 प्रतिशत थी। उर्वरक वितरण की स्थिति भी पिछले वर्ष की तुलना में काफी बेहतर है। जिले में इस वर्ष अब तक 26 हजार 131 टन उर्वरक का वितरण किया जा चुका है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 16 हजार 688 टन वितरण हुआ था।
बिलासपुर में सहकारी एवं निजी दोनों क्षेत्रों के माध्यम से किसानों को खाद उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में भंडारित उर्वरक का लगभग 58.33 प्रतिशत वितरण हो चुका है, जबकि बड़ी मात्रा में खाद अभी भी उपलब्ध है। इससे किसानों को आगामी कृषि कार्यों के लिए उर्वरक की कोई कमी नहीं होगी। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले की सभी समितियों एवं विक्रय केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसानों की मांग के अनुरूप उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे आवश्यकतानुसार निकटस्थ सहकारी समिति या अधिकृत विक्रेता से उर्वरक प्राप्त करें तथा किसी भी भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। जिले में खरीफ सीजन के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध है और वितरण कार्य सुचारू रूप से जारी है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

