राइस मिल में धान चोरी का 24 घंटे में खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260614-WA1086

रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तिल्दा-नेवरा क्षेत्र स्थित एक राइस मिल में हुई धान चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया धान तथा घटना में प्रयुक्त दो पिकअप वाहन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 82 हजार 740 रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांधी चौक तिल्दा निवासी दीनानाथ अग्रवाल ने 13 जून 2026 को थाना तिल्दा-नेवरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कृष्णा राइस मिल में 12 और 13 जून की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने मिल का ताला तोड़कर धान चोरी कर लिया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने तत्काल आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर गहन जांच शुरू की गई।

NTPC World Environment Day

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के परवाना देवार, जितेंद्र निषाद, रजत वर्मा एवं सब्बी अग्रवाल उर्फ रमेश कुमार अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में चारों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए धान को वाहनों में भरकर अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 108 कट्टा धान बरामद किया। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किए गए टाटा एस वाहन क्रमांक CG 25 AU 7682 तथा वाहन क्रमांक CG 04 PD 8673 को भी जब्त कर लिया गया। बरामद धान और वाहनों सहित कुल जब्ती की कीमत लगभग 10.82 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में परवाना देवार (21 वर्ष), जितेंद्र निषाद (21 वर्ष), रजत वर्मा (25 वर्ष) तथा सब्बी अग्रवाल उर्फ रमेश कुमार अग्रवाल (39 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!