NTPC World Environment Day

गौवंश तस्करी पर बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9.50 लाख की संपत्ति जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260613-WA1115

बेमेतरा। जिले में गौवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 नग भैंस, एक मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन सहित लगभग 9 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार खैरा निवासी मनीष शुक्ला ने थाना बेमेतरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चौरेंगा क्षेत्र से कुछ लोग भैंसों को वाहनों में भरकर कत्लखाने ले जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर गौवंश सेवकों के साथ सिमगा से बेरला मार्ग पर नाकेबंदी की गई।

नाकेबंदी के दौरान ग्राम कठिया के पास बेरला जाने वाले मोड़ पर सुबह लगभग 4 बजे एक पिकअप वाहन को रोका गया। जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 04 QV 9645 में चार बड़े भैंसों को बिना चारा-पानी के अत्यंत क्रूर तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा हुआ पाया गया। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम लक्ष्मण साहू (25 वर्ष) निवासी ग्राम भड़हा, थाना खरोरा, जिला रायपुर बताया।

पुलिस ने जब पशुओं के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे तो चालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहन, पशुओं और चालक को थाना बेमेतरा लाया गया। जांच में प्रथम दृष्टया आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू ने आरोपी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का एवं एसडीओपी बेरला विनय कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला के नेतृत्व में टीम ने मामले की विवेचना की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने 4 नग भैंस, जिनकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन जिसकी कीमत लगभग 9 लाख रुपये है तथा एक मोबाइल फोन जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये है, जब्त किया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 9 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण साहू को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस का कहना है कि जिले में गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता से जुड़े मामलों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सोनल ग्वाला, सहायक उपनिरीक्षक भानू प्रताप पटेल, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सूरज प्रकाश जांगड़े, आरक्षक शिव सेन, महेश जांगड़े सहित सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस स्टाफ और गौसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!