NTPC World Environment Day

देवकर में सट्टा-पट्टी पर पुलिस की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260613-WA1198

बेमेतरा। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बेमेतरा पुलिस ने सट्टा-पट्टी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर सेल और देवकर चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से नगद राशि, सट्टा-पट्टी और पेन जब्त किए हैं।

पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का एवं एसडीओपी बेरला विनय कुमार के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 12 जून 2026 को साइबर सेल एवं चौकी देवकर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि देवकर क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर कुछ लोग सट्टा-पट्टी लिखकर अवैध रूप से रुपए का दांव लगवा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल तीन स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की।

पुलिस ने सुरही नदी किनारे घुघवाडीह मार्ग, शासकीय स्कूल के पीछे जैतखाम के पास मंच क्षेत्र तथा अकलवारा रोड स्थित यात्री प्रतीक्षालय में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी लोगों से विभिन्न अंकों पर रुपए का दांव लगवाकर सट्टा-पट्टी लिखते हुए पाए गए।

पुलिस ने मौके से राम प्रसाद कुंजाम उर्फ बीरू (40 वर्ष), रमेश उर्फ टिल्ल साहू (45 वर्ष) तथा टेकराम साहू (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 3,330 रुपये नगद, सट्टा-पट्टी और पेन बरामद किए गए।

तीनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा, नशे और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, चौकी प्रभारी देवकर उप निरीक्षक अलील चंद, सहायक उपनिरीक्षक छोटेलाल बंजारे, प्रधान आरक्षक ललित केरकेट्टा, योगेश यादव सहित साइबर सेल एवं देवकर चौकी के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!