रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी पति गिरफ्तार, हथौड़ी बरामद

0
IMG-20260624-WA0719

धरमजयगढ़/रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के बाद थाना चक्रधरनगर से प्राप्त मर्ग डायरी के आधार पर थाना धरमजयगढ़ में विस्तृत जांच शुरू की गई। जांच के दौरान परिजनों, सास, पार्षद एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अवलोकन किया गया।

जांच में यह सामने आया कि दिनांक 17 जून 2026 की सुबह लगभग 7:30 बजे आरोपी पति श्यामलाल मंझवार (24 वर्ष), निवासी ग्राम बाँसजोर, थाना धरमजयगढ़ और उसकी पत्नी मेहतरीन बाई मंझवार के बीच इलाज के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान पहले मृतिका द्वारा डंडे से आरोपी पर वार किया गया, जिसके बाद आरोपी ने घर में रखी लोहे की हथौड़ी से पत्नी के सिर पर कई बार हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान 20 जून 2026 की शाम रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में मृत्यु हो गई।

NTPC World Environment Day

मर्ग जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद थाना धरमजयगढ़ में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 168/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की हथौड़ी भी बरामद कर ली गई है।

साक्ष्य और स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की जांच में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजू मिश्रा, प्रधान आरक्षक गंगाराम भगत सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसक अपराध किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!