प्रधानमंत्री आवास प्लस 2.0 की स्थायी सूची का ग्राम सभा में हुआ सत्यापन
जिला के सभी 471 ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने उत्साह के साथ ग्राम सभा में लिया भाग
प्रधानमंत्री आवास योजना एवं विकसित भारत जी राम जी योजना पर ग्रामीणों को दी गई जानकारी
रिपोर्टर✒️कमलेश सिंह
कवर्धा । कबीरधाम जिले के सभी 471 ग्राम पंचायतों और उनके आश्रित ग्रामो में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास प्लस 2.0 के स्थाई सूची का वाचन किया गया। सूची में दर्ज ग्रामीणों का सम्पूर्ण विवरण ग्राम सभा में वाचन करते हुए नाम, आयु, लिंग जैसी जानकारी का सत्यापन कर आवश्यकता अनुसार त्रुटि सुधार किया गया। ग्राम सभा के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने सम्पूर्ण प्रक्रिया को देखते हुए योजना अंतर्गत स्थाई सूची की पूरी जानकारी ली। इसके साथ ही महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के स्थान पर 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाले विकसित भारत गारंटी फ़ॉर रोजगार एंड आजीविका ग्रामीण के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि कलेक्टर कबीरधाम गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार आज विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया था। ग्राम सभा मे विकसित भारत जी राम जी योजना से ग्रामीणों को मिलने वाले 125 दिनों के रोजगार, सात दिवस में मजदूरी भुगतान, काम की मांग पर रोजगार, ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास, आजीविका, जल संरक्षण के साथ महिलाएं एवं युवाओं को मिलने वाले फायदे के बारे में बताया गया। साथ ही वर्तमान मजदूरी दर बेरोजगारी भत्ता पारदर्शिता एवं जवाबदेही जैसे प्रमुख बदलाव के बारे में लोगों तक जानकारी पहुंचाई गई। नए योजना में कार्य की चार प्रमुख श्रेणियां जिसमें जल सुरक्षा और संरक्षण, ग्रामीण अवसंरचना,आजीविका संवर्धन और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर बात की गई।
जिले के आवास प्लस 2024 के सर्वे सूची में शामिल परिवारों की स्थायी प्रतीक्षा सूची 2.0 का ग्राम सभा में हुआ सत्यापन
प्रधानमंत्री अवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल हितग्राहियों के नाम का वाचन ग्राम सभा मे किया गया। उल्लेखनीय है कि ज़िले में सर्वेक्षित हितग्राहियों का नाम सूची में दर्ज है। जिसमें जनपद पंचायत बोड़ला, कवर्धा, पंडरिया एवं स.लोहारा के हजारो ग्रामीण हितग्राही परिवार शामिल है। विशेष ग्राम सभा में पूरी सूची का वाचन और पात्रता का परीक्षण किया गया। प्राप्त आपत्तियों पर जांच परीक्षण उपरांत निराकरण करते हुए हितग्राहियों की अंतिम सूची तैयार किया गया।पारदर्शिता रूप से सूची को आम जनता के समक्ष ग्राम सभा के पटल पर रखा गया। साथ ही योग्य लाभार्थियों को प्राथमिकता देने हेतु चर्चा की गई। अंतिम सूची को अनुमोदन के पश्चात आवास प्लस 2.0 के पोर्टल में अपलोड किया जाएगा जिससे पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभांवित किया जा सके।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
